‘इस बार PDA सरकार हमारी’, अखिलेश यादव बोले- बीजेपी ने पीडीए समाज के वोटरों का हक छीना
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि चुनाव आयोग, जिलाधिकारी, और प्रशासन की मदद से मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा, चुनाव आयोग और जिलाधिकारी की तिकड़ी अब तक केवल 14 शपथपत्रों पर ही सफाई दे पाई है, जबकि सपा ने उन्हें 18,000 से अधिक शपथपत्र दिए थे।
हक़ का गणित : 18000-14 = 17986
चुनाव आयोग से लेकर ज़िलाधिकारी तक और सीओ से लेकर लेखपाल तक सब जुगाड़ करने के बाद भी ‘भाजपा-चुनाव आयोग-ज़िलाधिकारी की तिकड़ी’
अभी तक, हमारे द्वारा दिये गये 18000 एफ़िडेविट में से सिर्फ़ 14 शपथपत्रों के बारे में ही, वो भी ‘आधी-अधूरी-निराधार’ सफ़ाई दे…— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) August 21, 2025
अखिलेश यादव ने कहा, “न चलेगी हकमारी, न मतमारी, इस बार PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) सरकार हमारी।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने पीडीए समाज के वोटरों का हक छीना है, या तो उनके वोट कटवाकर या कुछ समय के लिए हटवाकर।
स्वास्थ्य सेवाओं पर भी साधा निशाना
सपा प्रमुख ने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली पर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि मरीजों को उचित इलाज नहीं मिल रहा है और स्वास्थ्य विभाग में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और कुप्रबंधन है, जिसके कारण लोगों की जान जा रही है।
अखिलेश ने कहा कि लखनऊ सहित प्रदेश के कई मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में बेड और अन्य जरूरी सुविधाओं की भारी कमी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने पिछले नौ सालों में सब कुछ बर्बाद कर दिया है। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे केवल बयानबाजी तक सीमित हैं और विभागीय समस्याओं और अस्पतालों की जरूरतों के प्रति पूरी तरह से उदासीन हैं।

