Jaunpur News: खेतासराय में अवैध हुक्का पार्लर पर पुलिस का छापा, हिरासत में आधा दर्जन से अधिक लोग
Sandesh Wahak Digital Desk: जौनपुर जिले के खेतासराय थाना क्षेत्र स्थित आज़ाद रेलवे क्रॉसिंग के पास बीती रात पुलिस ने एक अवैध रूप से संचालित हुक्का पार्लर पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की।
रात करीब 8 बजे सीओ अजीत सिंह चौहान के नेतृत्व में यह संयुक्त छापा मारा गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस टीम ने मौके से आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया, जिनसे पूछताछ जारी है। छापे के दौरान पुलिस ने पार्लर से हुक्का पॉट, फ्लेवर, चिलम, नलियां और अन्य सामग्री बरामद की।
कोई वैध अनुमति नहीं मिली
सीओ अजीत सिंह चौहान के निर्देशन में खेतासराय पुलिस ने पार्लर की पूरी तलाशी ली। जब संचालक और कर्मचारियों से लाइसेंस व अनुमति संबंधित दस्तावेज मांगे गए, तो वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है।
दस्तावेज और आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच जारी
सीओ अजीत सिंह चौहान ने बताया कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान जारी है। पार्लर के किरायानामा, संचालन अनुमति और लाइसेंस से जुड़े दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं।
साथ ही हिरासत में लिए गए लोगों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। यदि कोई आपराधिक प्रमाण मिलते हैं, तो एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- दीपक सिंह

