Bareilly News: फर्जी भारतीय पहचान बनाकर रह रही 3 बांग्लादेशी महिलाएं गिरफ्तार, पूछताछ में हुए कई खुलासे

Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली जिले के प्रेमनगर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन बांग्लादेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जो फर्जी भारतीय पहचान पत्र और पासपोर्ट बनवाकर लंबे समय से भारत में रह रही थीं। पुलिस के मुताबिक, ये महिलाएं अलग-अलग नाम, जन्मतिथि और माता-पिता के नाम पर भारतीय पासपोर्ट, आधार, पैन और वोटर आईडी कार्ड तक बनवा चुकी थीं।

मामला कैसे सामने आया

21 अगस्त को उपनिरीक्षक वीरेश भारद्वाज ने प्रेमनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। जांच में सामने आया कि मुनारा बी, सायरा बानो और तसलीमा नामक तीन महिलाएं षड्यंत्र रचकर फर्जी दस्तावेज तैयार करवा रही हैं और अपनी बांग्लादेशी नागरिकता छुपाकर भारत में रह रही हैं। इस मामले में आईपीसी की धारा 419, 420, 467, 468, 471 समेत पासपोर्ट अधिनियम 1967 और विदेशी अधिनियम 1946 के तहत केस दर्ज किया गया।

पुलिस की कार्रवाई

गुप्त सूचना पर पुलिस टीम ने 22 अगस्त की शाम मो. बानखाना क्षेत्र से मुनारा बी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से मूल पासपोर्ट, पैन कार्ड, विदेश यात्राओं से जुड़े दस्तावेज, होटल विजिटिंग कार्ड और विभिन्न नामों पर बने आधार-पैन-वोटर आईडी की प्रतियां बरामद हुईं। इसके बाद मुनारा बी की निशानदेही पर पुलिस ने सतीपुर चौराहे से सायरा बानो और तसलीमा को भी दबोच लिया।

पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे

  • मुनारा बी ने बताया कि उसने खुद और सायरा बानो के नाम से कई पासपोर्ट बनवाए और बीते 12 सालों में बांग्लादेश व दुबई समेत कई देशों की यात्राएं कीं। वह घरेलू कामकाज करती है और चार बच्चों की मां है।
  • सायरा बानो ने कबूल किया कि उसने अपनी बहन मुनारा बी को फर्जी पासपोर्ट बनवाने में मदद की। वह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती है।
  • तसलीमा ने भी यही बात मानी कि उसने मुनारा बी की विदेश यात्राओं के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार कराने में सहयोग किया।
  • तीनों महिलाओं ने स्वीकार किया कि वे कई सालों से अपनी असली पहचान छुपाकर भारत में रह रही हैं। पुलिस इनके अन्य संदिग्ध संपर्कों की जांच कर रही है।

बरामदगी

  • मुनारा बी के नाम से असली पासपोर्ट और पैन कार्ड
  • सायरा बानो के नाम से विदेश का बोर्डिंग पास
  • कई होटल विजिटिंग कार्ड
  • अलग-अलग नाम और जन्मतिथि पर बने पासपोर्ट, आधार, पैन, वोटर आईडी की प्रतियां

गिरफ्तार महिलाएं

  1. मुनारा बी पत्नी स्व. मोहम्मद यासीन उर्फ कल्लू, मूल निवासी जेस्सोर, खुलना (बांग्लादेश), हाल निवासी मौलानगर, बरेली
  2. सायरा बानो पत्नी ताजुद्दीन, मूल निवासी जेस्सोर, खुलना (बांग्लादेश), हाल निवासी हाफिजगंज, बरेली
  3. तसलीमा पत्नी शमशाद अहमद, मूल निवासी जेस्सोर, खुलना (बांग्लादेश), हाल निवासी हाफिजगंज, बरेली

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार महिलाओं को अदालत में पेश किया जा रहा है और इनके नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।

 

Also Read: ED: ऑनलाइन गेमिंग मामले में कांग्रेस विधायक गिरफ्तार, करोड़ों की नकदी जब्त

Get real time updates directly on you device, subscribe now.