Cheteshwar Pujara Retirement: क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से चेतेश्वर पुजारा ने लिया संन्यास, भावुक पोस्ट में जताया आभार

Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय टेस्ट क्रिकेट के स्तंभ माने जाने वाले चेतेश्वर पुजारा ने शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने की घोषणा कर दी।

37 वर्षीय बल्लेबाज ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट के जरिए अपने क्रिकेट करियर को अलविदा कहा।

“हर अच्छी चीज का अंत होता है” – पुजारा

पुजारा ने अपने आधिकारिक बयान में लिखा,

“भारतीय जर्सी पहनना, राष्ट्रगान गाना, और मैदान पर हर बार अपना सर्वश्रेष्ठ देना… इन पलों को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। लेकिन जैसा कि कहते हैं, हर अच्छी चीज का अंत होता है। मैंने भारतीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने का फैसला किया है।”

राजकोट से टीम इंडिया तक का सफर

राजकोट के एक छोटे से कस्बे से आने वाले पुजारा ने लिखा कि उन्होंने एक साधारण लड़के के रूप में अपने माता-पिता के साथ भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा बनने का सपना देखा था, और यह सफर उम्मीद से कहीं ज़्यादा खास बन गया। उन्होंने कहा,

“इस खेल ने मुझे न केवल पहचान दी, बल्कि अनगिनत अनुभव, अवसर और देश की सेवा का गर्व भी दिया।”

Cheteshwar Pujara Retirement

BCCI, कोचों और टीमों को कहा धन्यवाद

पुजारा ने अपने पोस्ट में BCCI, सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन, और उन सभी टीमों का आभार जताया जिनका वे वर्षों तक हिस्सा रहे। उन्होंने कहा,

“मैं बीसीसीआई और सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन का शुक्रगुजार हूं, जिन्होंने मुझ पर भरोसा जताया। साथ ही उन सभी कोचों, फ्रैंचाइजियों और काउंटी टीमों का भी आभारी हूं जिन्होंने मेरे करियर को आकार दिया।”

फैंस और परिवार का जताया आभार

पुजारा ने दुनिया भर में फैले अपने प्रशंसकों को भी धन्यवाद दिया और लिखा कि उनका समर्थन हमेशा ऊर्जा देता रहा।

“जहां भी मैंने खेला, वहां मुझे अपार समर्थन मिला। मैं उसका हमेशा आभारी रहूंगा।”

परिवार के योगदान पर उन्होंने लिखा,

“मेरे माता-पिता, पत्नी पूजा, बेटी अदिति, और पूरे परिवार का योगदान मेरे इस सफर को सार्थक बनाता है। उनके बिना यह सब मुमकिन नहीं था।”

ऐसा रहा पुजारा का करियर

  • टेस्ट मैच: 103

  • टेस्ट पारियां: 176

  • कुल रन: 7195

  • शतक: 19

  • अर्धशतक: 35

  • वनडे मैच: 5

पुजारा का नाम हमेशा भारतीय टेस्ट क्रिकेट के धैर्य और तकनीक के प्रतीक के रूप में लिया जाएगा। उन्होंने कई मुश्किल विदेशी दौरों पर टीम इंडिया के लिए दीवार बनकर रन बनाए।

Also Read: 14 साल बाद भारत आ रहे लियोनेल मेसी, केरल में अर्जेंटीना की टीम खेलेगी फ्रेंडली मैच

Get real time updates directly on you device, subscribe now.