Jaunpur News: महाराणा प्रताप प्रवेश द्वार के लोकार्पण के मौके पर BJP नेता कृपाशंकर सिंह ने सपा को घेरा, कहा- अपना मुखौटा…

Sandesh Wahak Digital Desk: जौनपुर जिले के बदलापुर विधानसभा क्षेत्र के महराजगंज ब्लॉक अंतर्गत चेती रामनगर में ”वीर सिरमौर महाराणा प्रताप प्रवेश द्वार” का लोकार्पण हुआ।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने शिरकत की और वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप को नमन करते हुए उनकी वीरता और बलिदान को याद किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र प्रताप सिंह ‘मोती’ उपस्थित रहे। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उन्होंने प्रवेश द्वार का लोकार्पण किया।

आयोजक विधायक रमेश चंद्र मिश्रा ने सभी विशिष्ट अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्हें साफा और तलवार भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि “महाराणा प्रताप का जीवन साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता है।”

कृपाशंकर सिंह ने विपक्ष पर किया तीखा प्रहार

इस अवसर पर पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह ने बतौर अध्यक्ष शिरकत की और समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा:

“बदलापुर वीरों की धरती है, और यहां के विधायक रमेश मिश्रा भाजपा की नीति ‘सबका साथ, सबका विकास’ को सही मायनों में साकार कर रहे हैं। यह भव्य प्रवेश द्वार इसी विकास की एक मिसाल है।”

कृपाशंकर सिंह ने आगे कहा कि बदलापुर के पूर्व प्रत्याशी अजय दुबे ‘अज्जू’ भी पूरी तरह तैयार हैं और जनता को अवसर मिलने पर मुंगराबादशाहपुर की तस्वीर बदलने का माद्दा रखते हैं।

उन्होंने कहा कि 2027 के चुनाव में जौनपुर की सभी 9 विधानसभा सीटों पर भाजपा और उसके सहयोगी दलों का परचम लहराएगा।

सपा पर निशाना, पूजा पाल के मुद्दे पर उठाए सवाल

कृपाशंकर सिंह ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि:

“जो खुद बीडीसी, ग्राम प्रधान और ब्लॉक प्रमुख चुराते हैं, वे भाजपा पर वोट चोरी का आरोप लगाते हैं। यह पूरी तरह से हास्यास्पद है।”

उन्होंने हाल ही में सपा से निष्कासित पूजा पाल का उदाहरण देते हुए कहा कि:

“एक पिछड़े वर्ग से आने वाली महिला पूजा पाल ने योगी सरकार की तारीफ की, जिसने उनके पति की हत्या के मामले में न्याय दिलाया।

इसके बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया। PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की बात करने वाली सपा का असली चेहरा अब जनता के सामने है।”

कृपाशंकर सिंह ने दावा किया कि जनता 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को करारा जवाब देगी।

कृपाशंकर सिंह, पूर्व गृह राज्य मंत्री।

मोती सिंह ने कहा-“महाराणा प्रताप साहस, सम्मान और बलिदान के प्रतीक हैं। उनकी स्मृति में बना यह प्रवेश द्वार आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगा।”

राजेन्द्र प्रताप सिंह ‘मोती’, पूर्व मंत्री, यूपी सरकार।

रिपोर्ट- दीपक सिंह

Also Read: 6.40 करोड़ की धोखाधड़ी में वांछित सुधीर केसरवानी ठाणे से गिरफ्तार, UP STF की बड़ी कार्रवाई

Get real time updates directly on you device, subscribe now.