UP News: आंगनबाड़ी कर्मियों को CM योगी का तोहफा, आज मिलेगा नियुक्ति पत्र
Sandesh Wahak Digital Desk: बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की निदेशक सरनीत कौर ब्रोका ने जानकारी दी है कि उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। यह कदम प्रदेश के आंगनबाड़ी तंत्र को न केवल सशक्त बनाएगा, बल्कि महिला और बाल विकास सेवाओं को भी नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
इस अवसर पर एक भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें महिला कल्याण, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार मंत्री श्रीमती बेबी रानी मौर्य और राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती प्रतिभा शुक्ला की उपस्थिति भी रहेगी। ब्रोका ने बताया कि बीते आठ वर्षों में विभाग ने लोक सेवा आयोग के माध्यम से जिला कार्यक्रम अधिकारी के 6 पदों और बाल विकास परियोजना अधिकारी (CDPO) के 200 से अधिक पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी की है।
मानदेय में हुई बढ़ोत्तरी
राज्य के 75 जनपदों में अब तक 19,424 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की नियुक्ति हो चुकी है। साथ ही, 3,000 से अधिक सहायिकाओं को कार्यकत्री पद पर पदोन्नति दी गई है। मिनी आंगनबाड़ी की 22,290 कार्यकत्रियों को मुख्य आंगनबाड़ी कार्यकत्री में परिवर्तित कर उनका मानदेय ₹5,500 से बढ़ाकर ₹8,000 किया गया है।
इसके अतिरिक्त, दो वर्ष पहले 320 मानदेय कर्मियों को नियमित सेवा में शामिल किया गया। पिछले आठ वर्षों में 182 मृतक मुख्य सेविकाओं के आश्रितों को अनुकम्पा के आधार पर कनिष्ठ सहायक और चतुर्थ श्रेणी के पदों पर नियुक्ति दी गई।
एक उल्लेखनीय उपलब्धि यह भी रही कि लगभग 20 वर्षों के अंतराल के बाद मुख्य सेविकाओं (समूह ‘ग’) को समूह ‘ख’ में पदोन्नत करते हुए 197 बाल विकास परियोजना अधिकारी के पदों पर नियुक्त किया गया। इस वर्ष विभाग द्वारा 20,000 से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की पारदर्शी भर्ती भी की गई है, जो विभाग की सतत मेहनत और सुधार की दिशा में किए गए प्रयासों को दर्शाती है।
Also Read: यूपी में अब हर युवा को मिलेगी न्यूनतम वेतन की गारंटी, योगी सरकार का बड़ा ऐलान

