Azamgarh News: गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम में बन रहा था वीडियो, पुलिस ने आरोपी को दबोचा
Azamgarh News: आजमगढ़ जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम में लड़कियों का वीडियो बनाया जा रहा था। इस घटना का खुलासा तब हुआ, जब एक छात्रा ने युवक को रंगे हाथ पकड़ा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके फोन से कई आपत्तिजनक वीडियो बरामद किए हैं।
यह घटना रविवार की है। शहर कोतवाली क्षेत्र के हीरापट्टी में बने एक गर्ल्स हॉस्टल में 10वीं की एक छात्रा बाथरूम में नहा रही थी। अचानक उसकी नज़र रोशनदान पर गई, जहाँ एक युवक मोबाइल से उसका वीडियो बना रहा था। छात्रा ने तुरंत चिल्लाना शुरू कर दिया।
उसकी आवाज़ सुनकर हॉस्टल की दूसरी लड़कियाँ भी वहाँ पहुँच गईं और उन्होंने वीडियो बना रहे युवक को पकड़ लिया। पुलिस को तुरंत सूचना दी गई, जिसके बाद आरोपी हिमांशु राय को गिरफ्तार कर लिया गया।
मोबाइल-लैपटॉप से मिले 40 से ज़्यादा वीडियो
पुलिस ने आरोपी हिमांशु के मोबाइल और लैपटॉप की जाँच की, जिसमें लड़कियों के नहाते हुए 40 से ज़्यादा वीडियो मिले हैं। पुलिस ने सभी वीडियो को फॉरेंसिक जाँच के लिए भेजा है। यह हॉस्टल शहर की पॉश कॉलोनी हीरापट्टी में है, जहाँ पैरा मेडिकल, पॉलिटेक्निक और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाली छात्राएँ रहती हैं। पीड़ित छात्रा ने बताया कि आरोपी हिमांशु उसी मकान के अगले हिस्से में किराए पर रहता है। जब उन्होंने उसे पकड़ा, तो उसके माता-पिता ने उन्हें डराने की कोशिश भी की। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जाँच कर रही है।
Also Read: अजय राय का योगी सरकार पर तीखा हमला, ‘रोजगार महाकुंभ’ को बताया ‘झूठ और आडंबर’

