DPL 2025: वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर ने किया धमाकेदार डेब्यू, पहले मैच में दिखाई ताबड़तोड़ बल्लेबाजी
Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL 2025) में क्रिकेट प्रेमियों को उस पल का बेसब्री से इंतज़ार था जब भारत के पूर्व विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग मैदान पर उतरें।
आखिरकार, यह मौका अरुण जेटली स्टेडियम में आया, जब आर्यवीर ने सेंट्रल दिल्ली किंग्स की ओर से ईस्ट दिल्ली राइडर्स के खिलाफ अपने टी20 करियर का आगाज़ किया।
डेब्यू मैच में ही आर्यवीर ने 22 रन (16 गेंद, 4 चौके) की तेजतर्रार पारी खेलकर दर्शकों और क्रिकेट विशेषज्ञों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। उनकी टीम ने यह मुकाबला 62 रन से जीतकर अंकतालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है।

भारतीय गेंदबाज नवदीप सैनी को जड़े दो चौके
मैच की शुरुआत में ही आर्यवीर का सामना टीम इंडिया के तेज़ गेंदबाज़ नवदीप सैनी से हुआ। उन्होंने सैनी की गेंदों पर लगातार दो चौके लगाकर अपनी आक्रामक शैली का परिचय दिया।
पहला चौका इनफील्ड के ऊपर से और दूसरा ऑफ साइड में ड्राइव कर खेला गया, जिसने दर्शकों को उनके पिता वीरेंद्र सहवाग की याद दिला दी।
यश ढुल की अनुपस्थिति में मिला ओपनिंग का मौका
टीम के नियमित ओपनर यश ढुल के दलीप ट्रॉफी में व्यस्त होने के कारण आर्यवीर को ओपनिंग का मौका मिला। उन्होंने इस अवसर को पूरी तरह भुनाते हुए टीम को सशक्त शुरुआत दिलाई।
पहले भी कर चुके हैं धमाकेदार प्रदर्शन
आर्यवीर पहले भी अपनी बल्लेबाज़ी से सुर्खियों में रह चुके हैं। कूच बिहार ट्रॉफी में दिल्ली अंडर-19 टीम की ओर से खेलते हुए उन्होंने मेघालय के खिलाफ नाबाद 200 रन बनाए थे, जिसमें 34 चौके शामिल थे।
अगले ही दिन उन्होंने 297 रनों की जबरदस्त पारी खेलकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था।

