Lucknow News: PM मोदी पर अभद्र टिप्पणी के मामले में मायावती की भी एंट्री, बोलीं- राजनीति का स्तर गिरना दुखद

Lucknow News: बिहार के दरभंगा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ मंच से की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर राजनीतिक विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती ने भी इस मामले पर अपनी नाराज़गी जाहिर की है। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए, इस तरह की टिप्पणी की कड़ी निंदा की है।

मायावती ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि देश में राजनीति का स्तर लगातार गिर रहा है, जो बहुत दुखद और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक पार्टियों को अपने सिद्धांतों और देशहित के हिसाब से काम करना चाहिए, लेकिन पिछले कुछ सालों से ऐसा देखने को नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा, देश के उच्च पदों पर बैठे लोगों के बारे में जिस प्रकार की अभद्र, अशोभनीय और अमर्यादित टिप्पणी की जा रही है, वह बहुत दुखद है। चुनाव के समय यह जहर और भी बढ़ जाता है।

घिनौनी राजनीति से दूर रहें

मायावती ने कहा कि बसपा हमेशा से ही ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ के सिद्धांत पर काम करती रही है और वह इस तरह की गंदी और जहरीली राजनीति के खिलाफ है। उन्होंने सभी पार्टियों से अपील की कि वे एक-दूसरे को नीचा दिखाने की सस्ती राजनीति से दूर रहें और देश का माहौल खराब न करें। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान का हवाला देते हुए कहा कि सभी संवैधानिक संस्थाओं को अपनी सीमा में रहकर काम करना चाहिए, जिससे हालात बिगड़ने से बच सकें।

Also Read: Sitapur News: पब्लिक हॉस्पिटल पर सवाल, बिना डॉक्टर चल रहा अस्पताल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.