Varanasi News: वाराणसी एयरपोर्ट विस्तारीकरण में जमीन देने वालों को मिलेगा मुफ्त बिजली कनेक्शन

Varanasi News: वाराणसी एयरपोर्ट के विस्तारीकरण में अपनी जमीन गंवाने वाले लोगों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन लोगों को मुफ्त बिजली कनेक्शन देने का निर्देश दिया है। यह फैसला पिंडरा विधानसभा के विधायक डॉ. अवधेश सिंह की पहल पर लिया गया है।

विधायक ने सीएम के सामने उठाया मुद्दा

पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक में यह मुद्दा उठाया था कि एयरपोर्ट विस्तारीकरण के कारण जिन लोगों की जमीन चली गई है और जो अब नए घर बना रहे हैं, उन्हें बिजली कनेक्शन लेने में काफी दिक्कतें आ रही हैं। विधायक ने बताया कि बिजली विभाग द्वारा एस्टीमेट बनाने में उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विधायक की बात सुनने के बाद सीएम योगी ने तत्काल बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन लोगों से बिजली कनेक्शन का कोई पैसा न लिया जाए।

मुआवजे के बाद अब मुफ्त बिजली

यह पहली बार है कि उत्तर प्रदेश में किसी एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के लिए ली गई आबादी की जमीन का मुआवजा दिया गया है। डॉ. अवधेश सिंह के प्रयासों से पहले ही 48 करोड़ रुपये के मुआवजे के प्रमाण पत्र बांटे गए थे, जिसमें से 21 करोड़ रुपये लोगों के खातों में भेजे जा चुके हैं। अब मुफ्त बिजली कनेक्शन की यह सौगात लोगों के लिए एक और बड़ी उपलब्धि है। इस फैसले से पिंडरा विधानसभा के लोगों में खुशी की लहर है। लोग विधायक डॉ. अवधेश सिंह के प्रति आभार व्यक्त कर रहे हैं और कह रहे हैं कि उन्होंने हमेशा उनकी समस्याओं को समझा और उनके लिए काम किया है।

रिपोर्ट: मदन मुरारी पाठक

Also Read: Jaunpur News: भारी बारिश के बाद हालात बेकाबू, शव लेकर डर के साए में अंत्येष्टि स्थल पहुंच रहे लोग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.