Azamgarh News: स्कूल बस और ट्रेलर की टक्कर, 16 बच्चे घायल
Azamgarh News: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में एक बड़ा हादसा हो गया। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के पास श्रीरामगंज पूर्वांचल ढाबा के निकट एक तेज रफ्तार ट्रेलर और स्कूली बस की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में स्कूली बस में सवार 16 बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
आजमगढ़ शहर की तरफ से आ रहे एक ट्रेलर ने वाराणसी की तरफ से आ रही ठाकुर विद्या मंदिर, लालगंज की स्कूली बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस सड़क किनारे बने एक गड्ढे में पलट गई। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालना शुरू किया।

घायलों का इलाज जारी
इस हादसे में बस में सवार 14 बच्चों के साथ-साथ ड्राइवर कमलेश राय (56) और कंडक्टर भीम (26) भी बुरी तरह घायल हो गए। तुरंत ही सभी घायलों को लालगंज के एक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायलों में से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। बस में कुल 22 बच्चे सवार थे।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। घायलों में कृष्णा, प्रतीक, प्रिया, अंजलि, शिवप्रसाद, सागर, आयुषी, अनुज गुप्ता, प्रिया यादव, सौरभ और तेजस जैसे बच्चे शामिल हैं।
Also Read: Hardoi News: हरदोई रेलवे स्टेशन पर 3 घंटे अंधेरा, पेड एसी वेटिंग हॉल में नहीं जले बल्ब

