नोएडा में डिफेंस हब: राजनाथ सिंह ने डिफेंस फेसिलिटी का किया उद्घाटन, सीएम योगी रहे मौजूद

Sandesh Wahak Digital Desk: रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर एक बड़ा कदम बढ़ाते हुए, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को गौतमबुद्ध नगर में एक नई रक्षा उपकरण और ड्रोन निर्माण इकाई का उद्घाटन किया। इसके साथ ही, उन्होंने एयरक्राफ्ट इंजन और डिफेंस एयरोस्पेस टेस्ट फेसिलिटी का भी लोकार्पण किया। इस खास मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे।

यूपी बनेगा डिफेंस हब

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह नया केंद्र नोएडा को एक डिफेंस हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि यह भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा को एक नई ऊंचाई देगा। सीएम योगी ने बताया कि आज की बढ़ती चुनौतियों को देखते हुए, इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर का सामना करने के लिए अत्याधुनिक ड्रोन और एयरक्राफ्ट इंजन की टेस्टिंग फेसिलिटी विकसित की गई है। उन्होंने कहा, “पहले हमें दुनिया पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा।”

‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने दिखाया भारत का सामर्थ्य

मुख्यमंत्री ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए कहा कि इसने भारत के सामर्थ्य का एहसास दुनिया को कराया, लेकिन इसने हमें भविष्य की चुनौतियों से लड़ने की प्रेरणा भी दी। उन्होंने कहा कि ताकत हो तो दुनिया नतमस्तक होती है। उन्होंने गुरु द्रोणाचार्य के कथन का उल्लेख करते हुए बताया कि ‘शस्त्रेण रक्षिते राष्ट्रे शास्त्र चिंता प्रवर्तते’ यानी शस्त्रों से रक्षित राष्ट्र में ही ज्ञान की प्रगति होती है।

यूपी में डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश पहले से ही रक्षा क्षेत्र में समृद्ध है, जहां 9 ऑर्डिनेंस फैक्ट्रियां पहले से काम कर रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने देश को दो नए डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग केंद्र दिए हैं, जिनमें से एक यूपी को मिला है। राज्य में 6 नोड्स- अलीगढ़, आगरा, कानपुर, लखनऊ, झांसी और चित्रकूट में इसका विकास किया जा रहा है। सीएम ने बताया कि लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल का केंद्र बन गया है, झांसी में DDL और अमेठी में AK-203 राइफल का केंद्र भी काम कर रहे हैं। इस मौके पर सीडीएस जनरल अनिल चौहान और कई अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

Also Read: दो लोगों का कुछ नहीं हो सकता…राहुल गांधी और ट्रंप को लेकर क्या बोले बृजभूषण शरण सिंह?

Get real time updates directly on you device, subscribe now.