Kanpur News: नाबालिग भाई-बहन पर साइबर ठगी का आरोप, मजदूर परिवार परेशान

Kanpur News: कानपुर में एक मजदूर परिवार पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा है, जब उनके दो नाबालिग बच्चों पर साइबर ठगी का गंभीर आरोप लगाया गया है। इस चौंकाने वाले मामले ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया है। पिता ने न्याय के लिए अब सीधे मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री तक गुहार लगाने का फैसला किया है।

यह मामला महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर गांव का है। यहां रहने वाले अशोक गंगापुत्र, जो मजदूरी करके अपने परिवार का पेट पालते हैं, उनके नाबालिग बेटे प्रकाश और बेटी पूनम के खातों में एक करोड़ रुपये आने का मामला सामने आया है। बैंक ऑफ बड़ौदा के कर्मचारियों ने 13 अगस्त को खुद घर आकर अशोक को इसकी जानकारी दी और उनसे कुछ कागजों पर दस्तखत भी करवाए।

पुलिस पर लापरवाही का आरोप

अशोक का कहना है कि एक करोड़ रुपये खाते में आने की जानकारी मिलते ही उन्होंने उसी दिन महाराजपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। लेकिन, आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। अब, नौबस्ता थाना पुलिस ने दोनों नाबालिग बच्चों पर ही साढ़े तीन लाख रुपये की साइबर ठगी का मुकदमा दर्ज होने की जानकारी दी है। पुलिस ने बयान दर्ज करने के लिए परिवार को थाने बुलाया है।

कोई बड़ा लेनदेन नहीं हुआ

अशोक के मुताबिक, उनके बच्चों के खाते सिर्फ छात्रवृत्ति के लिए खोले गए थे और उनमें कभी कोई बड़ा लेनदेन नहीं हुआ। अचानक बच्चों पर इस तरह का आरोप लगने से पूरा परिवार टूट चुका है। अशोक गंगापुत्र ने भारी मन से कहा, “हम गरीब लोग हैं। पहले ही पुलिस को इसकी जानकारी दी थी, लेकिन जब हमारी सुनी नहीं गई तो अब न्याय के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक गुहार लगाएंगे।” वहीं, नौबस्ता थाना प्रभारी निरीक्षक नदीम अहमद ने बताया कि यह मामला एक जांच का हिस्सा है और बयान दर्ज करने के लिए ही परिवार को बुलाया गया है।

Also Read: Ghazipur News: परिवारवाद को लेकर अफजाल अंसारी ने PM मोदी और CM योगी पर साधा निशाना

Get real time updates directly on you device, subscribe now.