मुख्तार अंसारी के करीबी रियाज अंसारी पर गैंगस्टर एक्ट के तहत केस दर्ज, 3 अन्य भी शामिल
Sandesh Wahak Digital Desk: गाजीपुर जिले की कासिमाबाद पुलिस ने मुख्तार अंसारी के करीबी माने जाने वाले रियाज अंसारी और उसके तीन साथियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इस गैंग में रियाज की पत्नी निकहत परवीन, परवेज जमाल और नजीर अहमद भी शामिल हैं।
गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, 62 वर्षीय रियाज अंसारी एक संगठित आपराधिक गिरोह का सरगना है, जिसे गैंग D-131/25 के नाम से जाना जाता है। पुलिस ने बताया कि यह गिरोह अपने सदस्यों को लाभ पहुंचाने के लिए खुद को मुख्तार अंसारी का सहयोगी बताता है। इनका आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा है, जिसमें धमकी देकर रंगदारी वसूलना, फर्जी दस्तावेजों से धोखाधड़ी करना और दूसरों की संपत्तियों पर अवैध कब्जा करना शामिल है। रियाज और उसके गिरोह का इलाके में इतना खौफ है कि कोई भी व्यक्ति उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराने या गवाही देने की हिम्मत नहीं करता।
पत्नी पर भी लगा फर्जीवाड़े का आरोप
रियाज अंसारी की पत्नी निकहत परवीन पर भी एक गंभीर आरोप लगा है। वह एक मदरसे में अध्यापिका थीं, जहां उनकी फर्जी मार्कशीट का खुलासा हुआ था। जांच के बाद उनकी सेवा समाप्त कर दी गई और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इस मामले में रियाज पर मदरसा के प्रबंधक को धमकी देने और अपशब्दों का इस्तेमाल करने का भी आरोप है।
इसके अलावा, रियाज अंसारी, उनकी पत्नी और अन्य सहयोगियों पर कई लोगों की जमीनों को जबरन और फर्जी तरीके से रजिस्ट्री कराकर हड़पने का भी आरोप है। इन मामलों में रियाज लंबे समय तक फरार रहे थे और बाद में हाईकोर्ट से स्टे मिलने के बाद ही पेश हुए थे।
Also Read: 1 सितंबर से लागू हुए नए नियम: जानिए कैसे पड़ेगा आपकी जेब पर सीधा असर

