Lucknow News: दिनदहाड़े ऑटो चालक की गला रेतकर हत्या, पैसों के लेनदेन में गई जान
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के गोसाईगंज थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक ऑटो चालक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। हत्या करते देख आस-पास के ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे, लेकिन जब तक वे पहुंचते, तब तक ड्राइवर की मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने भाग रहे आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मृतक की पहचान गादियाना गांव के रहने वाले पवन के रूप में हुई है, जबकि आरोपी मोहित भी उसी गांव का है। यह वारदात उन्मेदखेड़ा मोड़ पर हुई।
पैसों के लेन-देन को लेकर हुआ विवाद
पुलिस और परिजनों के मुताबिक, यह हत्या पैसों के लेन-देन के विवाद को लेकर हुई है। सूत्रों ने बताया कि करीब दो साल पहले आरोपी मोहित ने पवन से अपनी बहन की शादी के लिए 50 हजार रुपये उधार लिए थे। पवन लगातार अपने पैसे वापस मांग रहा था, लेकिन मोहित टाल-मटोल कर रहा था। हाल ही में नया ऑटो खरीदने के बाद पवन को पैसों की सख्त जरूरत थी, जिसके चलते वह मोहित पर पैसे लौटाने का दबाव बना रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पवन ऑटो लेकर घर से निकला था, तभी रास्ते में मोहित ने उसे रोक लिया। इसके बाद मोहित ने पवन पर हमला कर दिया और गला रेतकर भागने लगा, तभी ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया।
दिव्यांग था मृतक पवन
पवन के परिवार में उसकी मां शिवरानी और भाई हैं। पवन दोनों पैरों से दिव्यांग था, लेकिन परिवार का पूरा खर्च उठाता था। उसकी मां ने बताया कि उसने डेढ़ महीने पहले ही नया ऑटो खरीदा था। डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल ने बताया कि आरोपी मोहित को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मृतक पवन के शव का पोस्टमॉर्टम करा दिया गया है।
Also Read: Jhansi News: घर में अकेली महिला के साथ बर्बरता, गला घोंटकर की गई हत्या

