Lucknow News: रामस्वरूप यूनिवर्सिटी के खिलाफ छात्रों का हंगामा, विधानसभा का घेराव
Lucknow News: बाराबंकी की रामस्वरूप यूनिवर्सिटी में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर लखनऊ का सियासी पारा गरम हो गया है। बुधवार को लखनऊ विश्वविद्यालय के बाहर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के छात्रों ने जमकर प्रदर्शन किया। छात्रों ने पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद, योगी सरकार मुर्दाबाद, छात्र शक्ति जिंदाबाद जैसे नारे लगाए और यूनिवर्सिटी पर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।
छात्रों का कहना है कि रामस्वरूप यूनिवर्सिटी लंबे समय से छात्रों के साथ धोखा कर रही है। खासकर लॉ के छात्रों को फर्जी डिग्री का झांसा देकर उनके भविष्य को अंधकार में धकेला जा रहा है। छात्रों ने आरोप लगाया कि 2022 से ही लॉ विभाग को बार काउंसिल ऑफ इंडिया से मान्यता मिली है या नहीं, इसकी कोई साफ जानकारी नहीं दी गई है।
यूनिवर्सिटी पर मनमानी फीस वसूलने का भी आरोप
प्रदर्शनकारी छात्रों ने यूनिवर्सिटी पर मनमानी फीस वसूलने और फीस से ज्यादा जुर्माना लगाने का आरोप भी लगाया। छात्रों का कहना है कि जब वे इस मुद्दे पर कुलपति से बात करने जाते हैं, तो वह बात करने के बजाय पुलिस बुला लेते हैं। छात्रों ने कहा कि रामस्वरूप यूनिवर्सिटी भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुकी है और जब तक यूनिवर्सिटी प्रशासन पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।
विधानसभा के बाहर छात्र पंचायत का प्रदर्शन
इस बीच, राष्ट्रीय छात्र पंचायत के कार्यकर्ता भी ABVP के समर्थन में विधानसभा का घेराव करने पहुंच गए। गेट नंबर-1 पर उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस मुर्दाबाद के नारे लगाए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। राष्ट्रीय छात्र पंचायत के अध्यक्ष शिवम पांडेय ने आरोप लगाया कि रामस्वरूप यूनिवर्सिटी ने पुलिस बुलाकर छात्रों को अपराधियों की तरह पिटवाया है, जिसकी वजह से दो दर्जन से ज्यादा छात्र KGMU में भर्ती हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों का कसूर सिर्फ इतना था कि वे पढ़ने आए थे, लेकिन जब यूनिवर्सिटी डिग्री देने में सक्षम नहीं थी, तो उसने यह कदम उठाया।
Also Read: Lucknow News: निषाद पार्टी की होर्डिंग से बीजेपी की बढ़ी टेंशन

