Unnao News: गौशाला की बदहाली देख भड़के सीवीओ, बीडीओ को लगाई कड़ी फटकार, कार्रवाई की चेतावनी

Sandesh Wahak Digital Desk: उन्नाव जिले के बीघापुर तहसील के बारा गाँव में स्थित पशु गौशाला की दयनीय हालत देखकर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी (CVO) डॉ. महावीर सिंह बुरी तरह नाराज़ हो गए। उन्होंने मौके पर मौजूद बीडीओ समेत सभी अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई और जल्द से जल्द हालात सुधारने के निर्देश दिए। यह मामला तब सामने आया जब भारतीय किसान यूनियन (भानु) के मंडल महासचिव डॉ. बृजेंद्र प्रताप सिंह ने गौशाला की दुर्दशा की शिकायत की।

गौशाला में क्या-क्या मिला?

  • निरीक्षण के दौरान सीवीओ ने पाया कि गौशाला में कई गंभीर अनियमितताएं थीं:
  • पीने के पानी में कीड़े थे और पूरे गौशाला परिसर में महीनों से गोबर बिखरा पड़ा था।
  • 99% गोवंश को अभी तक टैग नहीं लगाया गया था।
  • पशुओं के लिए सिर्फ दो दिन का भूसा बचा था, और हरे चारे, चोकर और मिनरल की कोई व्यवस्था नहीं थी।
  • कई गायें इलाज के अभाव में तड़प रही थीं।
  • गौशाला से गोबर की खाद की चोरी और अवैध बिक्री की जा रही थी।

अधिकारी-कर्मचारियों को मिली चेतावनी

सीवीओ ने इस हालात के लिए विभाग की जिम्मेदारी स्वीकार की और एक हफ्ते में सभी कमियों को दूर करने का आश्वासन दिया। उन्होंने बीडीओ पंकज गौतम को तुरंत टीन शेड और पशुओं के लिए चरही की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।

वहीं, किसान संगठन ने भी अपना गुस्सा जाहिर करते हुए चेतावनी दी कि अगर अधिकारियों का मनमाना रवैया जारी रहा तो वे जल्द ही बीडीओ के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करेंगे।

रिपोर्ट: मो. आतिफ (अनम)

 

Also Read: सीतापुर में तेंदुए का आतंक: दो बछड़ों का शिकार, वन विभाग ने लगाया पिंजरा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.