Unnao News: एक्सप्रेसवे पर खड़ी कार में मिला व्यापारी का शव, मामले की जांच में जुटी पुलिस
Sandesh Wahak Digital Desk: उन्नाव से गुज़रने वाले लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बुधवार की शाम एक खड़ी कार से व्यापारी का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान गोरखपुर के रहने वाले किराना व्यापारी रमन धर दुबे (41) के रूप में हुई है। पुलिस को यह शव कार की ड्राइवर सीट पर मिला। कार स्टार्ट थी और उसका एसी भी चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, यह सफेद रंग की कार बेहटामुजावर थाना क्षेत्र के गढ़ा गांव के पास बुधवार सुबह 3 बजे से ही खड़ी थी। एक्सप्रेसवे पर गश्त करने वाली यूपीडा (UPEDA) की टीम ने जब सुबह कार की जांच की, तो उन्हें अंदर एक व्यक्ति शराब पीते हुए दिखाई दिया था, जिसने जल्द ही कार हटाने का आश्वासन दिया था। लेकिन, शाम तक भी जब कार नहीं हटी, तो पुलिस को संदेह हुआ। जांच करने पर पुलिस ने कार का दरवाज़ा खोला और रमन धर दुबे को मृत पाया। कार से शराब की खाली बोतल, एक गिलास, कुछ अमरूद और एक चादर भी बरामद हुई है।
मृतक के भाई अमन धर दुबे ने पुलिस को बताया कि रमन मंगलवार शाम अपनी बेटी से मिलने गुरुग्राम के लिए निकले थे। उनके मुताबिक, रमन पहले से ही नशे की हालत में थे और उन्होंने कुछ दूरी पर अपने चालक और भाई को उतार दिया था। थानाध्यक्ष मुन्ना कुमार ने बताया कि शुरुआती जाँच में यह मामला हार्ट अटैक या लगातार एसी चलने से सांस लेने में दिक्कत का लग रहा है। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह का पता चल पाएगा।
रिपोर्ट: मो. आतिफ (अनम)
Also Read: Unnao News: एसपी ने 20 उपनिरीक्षकों का किया तबादला, कानून व्यवस्था सुधारने की कवायद तेज

