रामस्वरूप यूनिवर्सिटी में बवाल: ABVP का लखनऊ में प्रदर्शन, प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
Sandesh Wahak Digital Desk: बाराबंकी के रामस्वरूप मेमोरियल विश्वविद्यालय में हुए लाठीचार्ज और अवैध कोर्स के संचालन के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने मोर्चा खोल दिया है। लखनऊ में ABVP कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन सौंपा है, जिसमें 48 घंटे के भीतर उचित कार्रवाई की मांग की गई है। अगर उनकी मांगें नहीं मानी जाती हैं तो ABVP ने पूरे प्रदेश में आंदोलन करने की चेतावनी दी है।

ABVP ने अपनी मांगों में कहा है कि विश्वविद्यालय प्रशासन के निजी गुंडों और लाठीचार्ज में शामिल पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी पूछा कि लाठीचार्ज का आदेश किसने दिया, इस बात को सार्वजनिक किया जाए।

ABVP की प्रमुख मांगें:
- लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार पुलिसकर्मियों और गुंडों पर कठोर कार्रवाई हो, और यह बताया जाए कि लाठीचार्ज का आदेश किसने दिया।
- विश्वविद्यालय में बिना अनुमति और नवीनीकरण के चल रहे लॉ पाठ्यक्रमों की गहन जांच की जाए और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई हो।
- यूनिवर्सिटी द्वारा ‘विलंब शुल्क’ और ‘सामाजिक कल्याण शुल्क’ के नाम पर की जा रही अवैध वसूली की भी जांच हो।
- विरोध कर रहे जिन दो छात्रों को निष्कासित किया गया है, उनका निष्कासन रद्द कर उन्हें न्याय दिलाया जाए।
- विश्वविद्यालय द्वारा सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को तुरंत हटाया जाए, जिस पर तहसीलदार कोर्ट ने 27.96 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद लखनऊ के महानगर मंत्री शाश्वत सांस्कृत ने कहा, “विश्वविद्यालय में बिना मान्यता के लॉ कोर्स चलाया जा रहा था, जिससे छात्रों का भविष्य खतरे में है। हाल ही में बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) द्वारा दी गई ‘सशर्त’ मंजूरी से यह साबित हो गया है कि अब तक यह कोर्स अवैध था।” उन्होंने कहा कि यह केवल लखनऊ का मामला नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश का मुद्दा है और अगर 48 घंटे के अंदर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
Also Read: ‘यह उनके हल्केपन को दर्शाता है’, बृजभूषण शरण सिंह का ओपी राजभर पर बड़ा बयान

