यात्रियों की सुरक्षा होगी और पुख्ता, NCR की सभी ट्रेनों में लगेंगे सीसीटीवी कैमरे

Sandesh Wahak Digital Desk: रेल यात्रियों की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए उत्तर मध्य रेलवे (NCR) ने एक बड़ा फैसला लिया है। अब एनसीआर के प्रयागराज, झांसी और आगरा मंडल से चलने वाली सभी यात्री ट्रेनों के डिब्बों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इस पहल के तहत, कुल 895 एलएचबी और 887 आईसीएफ कोचों को आधुनिक कैमरों से लैस किया जाएगा।

एनसीआर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि यह कदम यात्रियों के लिए ट्रेन यात्रा को और सुरक्षित बनाने की रेलवे की प्रतिबद्धता को दिखाता है। उन्होंने कहा कि प्रयागराज एक्सप्रेस और श्रमशक्ति एक्सप्रेस जैसी कुछ चुनिंदा प्रीमियम ट्रेनों में एआई-संचालित (AI-Powered) कैमरे भी लगाए जाएंगे। ये कैमरे कम रोशनी में भी 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार पर साफ फुटेज रिकॉर्ड कर सकेंगे।

कोच के हर कोने पर होगी नजर

यह कैमरे ट्रेन के हर हिस्से को कवर करेंगे। प्रत्येक एसी कोच में चार, जबकि जनरल डिब्बों, एसएलआर कोच और पेंट्री कार में छह-छह कैमरे लगाए जाएंगे। ये कैमरे सभी प्रवेश द्वारों और गलियारों में लगाए जाएंगे ताकि कोच के अंदर होने वाली हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।

इन कैमरों की निगरानी एनसीआर मुख्यालय के साथ-साथ मंडल रेल प्रबंधक (DRM) कार्यालयों, आगरा, झांसी और प्रयागराज में की जाएगी। इसके अलावा, लोकोमोटिव केबिनों में भी निगरानी उपकरण लगाने की योजना है। इस कदम से न केवल अपराधों पर अंकुश लगेगा, बल्कि यात्रियों को सुरक्षित माहौल भी मिलेगा।

Also Read: Varanasi News: काशी को विश्वस्तरीय पर्यटन बनाने की तैयारी, पर्यटन मंत्रालय ने लॉन्च किए 11 नए वॉक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.