प्रियंका चोपड़ा को पति निक जोनस के गाने पर एतराज, ऐसे किया रिएक्ट
Sandesh Wahak Digital Desk: अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा जोनस इन दिनों अपने पति निक जोनस के साथ अमेरिका में छुट्टियां मना रही हैं। हाल ही में फिल्म हेड्स ऑफ स्टेट से वापसी करने वाली प्रियंका ने सोशल मीडिया पर अपनी जिंदगी का एक मजेदार और रील वाला पल शेयर किया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है।
ये पल है उनके पति निक जोनस का जोर-जोर से गाना गाने का और इस पर प्रियंका का प्यारा सा एतराज जताने का। दरअसल, वीडियो में प्रियंका कमरे में आराम से बैठी हैं और चेहरे पर यूवी मास्क लगाया हुआ है। तभी निक जोनस कमरे में आते हैं और अपने ही ग्रुप ‘जोनस ब्रदर्स’ के हिट गाने ‘बैकवर्ड्स’ को पूरे जोश के साथ गाने लगते हैं।
पहले तो प्रियंका उन्हें नजरअंदाज करने की कोशिश करती हैं, लेकिन जब निक का जोश बढ़ता जाता है और वो और तेजी से गाने लगते हैं, तो प्रियंका बिना कुछ कहे गुस्से के अंदाज में कमरे से बाहर निकल जाती हैं। इस पूरे वीडियो के साथ प्रियंका ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, क्या आप और जोर से गा सकते हैं?
यह पति-पत्नी की प्यारी सी नोक-झोंक का वीडियो फैंस को काफी पसंद आ रहा है। इससे पहले, प्रियंका ने अफ्रीका में बिताई अपनी छुट्टियों की कई खूबसूरत तस्वीरें भी शेयर की थीं। इन तस्वीरों में वह स्वादिष्ट भोजन का आनंद लेते, जिम वर्कआउट करते और वन्यजीवों को देखते हुए नजर आईं।

वर्क फ्रंट पर क्या है खास
प्रियंका चोपड़ा जल्द ही कई बड़ी प्रोजेक्ट्स में नजर आने वाली हैं। उनकी अगली फिल्म ‘द ब्लफ’ है, जिसमें वह एक समुद्री डाकू (पाइरेट) की भूमिका निभाएंगी। इसके अलावा उनकी सीरीज ‘सिटाडेल’ का दूसरा सीजन भी आने वाला है।
सबसे ज्यादा चर्चा में है एसएस राजामौली की महत्वाकांक्षी फिल्म, जिसमें प्रियंका के साथ महेश बाबू और पृथ्वीराज सुकुमारन जैसे स्टार्स हैं। इस फिल्म की शूटिंग हाल ही में केन्या में हुई थी और कहा जा रहा है कि इसका बजट लगभग 1000 करोड़ रुपये है।

