लखनऊ में नगर निगम की लापरवाही से बड़ा हादसा, नाली निर्माण के दौरान दीवार गिरी, चार मजदूर दबे

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के राजाजीपुरम इलाके में आज नगर निगम की लापरवाही से एक बड़ा हादसा हो गया। नाली निर्माण के दौरान एक मकान की दीवार अचानक ढह गई, जिसके मलबे में दबकर चार मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक मजदूर की हालत गंभीर होने के कारण उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।

यह हादसा दोपहर करीब 2 बजे हुआ, जब नगर निगम के ठेकेदार मनोज द्वारा बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के नाली बनाने का काम कराया जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नाली खोदते समय मिट्टी कमजोर थी, फिर भी मजदूरों की सुरक्षा का कोई ध्यान नहीं रखा गया। अचानक मकान नंबर 38/20 की दीवार भरभराकर गिरी और मजदूर शैलेश, शंकु, दीपू और प्रमोद मलबे में दब गए। ये सभी मजदूर सीतापुर जिले के रहने वाले हैं।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने मिलकर बचाव कार्य शुरू किया और घायल मजदूरों को बाहर निकाला। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।

मकान मालकिन अर्चना त्रिवेदी ने बताया कि सुबह से ही बिना किसी सूचना के खुदाई का काम शुरू कर दिया गया था। जैसे ही खुदाई ज्यादा गहरी हुई, उनके घर की दीवार गिर गई। इस घटना से स्थानीय लोगों में नगर निगम और ठेकेदार के खिलाफ भारी गुस्सा है। लोगों ने प्रशासन से इस मामले की उच्चस्तरीय जांच और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, तालकटोरा थाना पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

Also Read: मेरी गाड़ी का काटा 8 लाख का चालान…, अखिलेश यादव बोले- वसूली कर रही है पुलिस

Get real time updates directly on you device, subscribe now.