शिक्षक दिवस पर CM योगी ने 81 शिक्षकों को किया सम्मानित, दिया टैबलेट और स्मार्ट क्लास की सौगात
Sandesh Wahak Digital Desk: शिक्षक दिवस के मौके पर शुक्रवार को लखनऊ के लोकभवन सभागार में राज्य शिक्षक पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया। इस खास अवसर पर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कुल 81 शिक्षकों को ‘राज्य शिक्षक पुरस्कार’ से सम्मानित किया। इनमें बेसिक शिक्षा के 66 और माध्यमिक शिक्षा के 15 शिक्षक शामिल थे।



इस समारोह में मुख्यमंत्री ने कई नई पहल भी शुरू की। उन्होंने ‘गुल्लक’ और ‘बाल वाटिका’ जैसी बाल कहानी संग्रह पुस्तकों का विमोचन किया। इसके साथ ही, शिक्षकों के नवाचारों को एक साथ लाने वाली पुस्तिका ‘उद्गम’ और इसके डिजिटल प्लेटफॉर्म को भी लॉन्च किया।
शिक्षक हुए सम्मानित, मिला पुरस्कार और शॉल
सम्मानित किए गए 10 शिक्षकों (बेसिक और माध्यमिक शिक्षा से 5-5) को मुख्यमंत्री ने खुद मंच पर सम्मानित किया। उन्हें सम्मान स्वरूप 25 हजार रुपये की धनराशि, प्रशस्ति पत्र, मां सरस्वती की प्रतिमा और शॉल भेंट की गई।
बेसिक शिक्षा के सम्मानित शिक्षक: संतोष कुमार सिंह (भदोही), रेनू सिंह (मेरठ), मोहिनी श्रीवास्तव (लखीमपुर खीरी), डॉ. रीना मिश्रा (प्रयागराज) और प्रमोद कुमार सिंह (गोरखपुर)।
माध्यमिक शिक्षा के सम्मानित शिक्षक: रामप्रकाश गुप्त (हमीरपुर), कोमल त्यागी (गाजियाबाद), चमन जहां (बरेली), जंगबहादुर (जौनपुर) और डॉ. वीरेंद्र कुमार पटेल (गोरखपुर)।

सरकारी स्कूलों को टैबलेट और स्मार्ट क्लास की सौगात
इस मौके पर सीएम योगी ने शिक्षकों को आधुनिक तकनीक से भी जोड़ा। उन्होंने राज्य के 2204 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को टैबलेट वितरित किए। इसके अलावा, उन्होंने 1236 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में बनी स्मार्ट क्लास का भी लोकार्पण किया, ताकि बच्चों को डिजिटल माध्यम से बेहतर शिक्षा मिल सके।
इस दौरान बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि सरकार बच्चों को बिना किसी भेदभाव के आधुनिक शिक्षा दे रही है, जबकि माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने कहा कि योगी सरकार ने नकल माफिया पर पूरी तरह से नकेल कसी है।
Also Read: Lucknow News: पुलिस चौकी में घुसकर चौकीदार और SI से मारपीट, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

