Lucknow News: होटल आशीर्वाद में युवक ने की आत्महत्या, कमरे में फंदे से लटका मिला शव
Lucknow News: राजधानी लखनऊ के चारबाग सब्जी मंडी इलाके में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां होटल आशीर्वाद के एक कमरे में ठहरे युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक की पहचान 25 वर्षीय जतिंदर कुमार के रूप में हुई है, जो पंजाब के जालंधर का रहने वाला था।
कमरे का दरवाज़ा न खुलने पर हुआ शक
पुलिस के मुताबिक, जतिंदर 3 सितंबर से होटल में ठहरा हुआ था। शुक्रवार देर रात जब उसका कमरा लंबे समय तक बंद रहा और बार-बार दरवाज़ा खटखटाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो होटल स्टाफ को शक हुआ। इसके बाद होटल मालिक की मदद से नाका थाना पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाज़ा तोड़ा तो जतिंदर का शव गमछे के सहारे पंखे से लटकता मिला।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की जानकारी मिलते ही फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और कमरे से अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि, अभी तक आत्महत्या की वजह साफ नहीं हो पाई है।
इंस्पेक्टर नाका ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। मृतक का मोबाइल फोन पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। इसके अलावा होटल में जतिंदर की गतिविधियों और उसके ठहरने के दौरान हुई बातचीत की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने जतिंदर के परिजनों से संपर्क कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही आत्महत्या की असली वजह सामने आ पाएगी।
Also Read: इमरान खान की बहन पर अंडे से हमला, रावलपिंडी जेल के बाहर हुई घटना

