Ayodhya News: अवध विश्वविद्यालय में सत्र 2025-26 के लिए छात्रवृत्ति फॉर्म से जुड़ी अहम जानकारी जारी

 Ayodhya News: डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण (DSW) कार्यालय ने सत्र 2025-26 के लिए छात्रवृत्ति फॉर्म भरने को लेकर विद्यार्थियों के लिए जरूरी दिशानिर्देश जारी किए हैं। अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. नीलम पाठक ने बताया कि उत्तर प्रदेश समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित छात्रवृत्ति योजना के तहत आवेदन करने वाले सभी छात्रों को पोर्टल पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) कराना अनिवार्य है।

20 दिसंबर तक कर सकेंगे आवेदन

छात्रवृत्ति के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 20 दिसंबर तय की गई है। प्रो. पाठक ने कहा कि सभी छात्र जल्द से जल्द ऑनलाइन आवेदन कर विभाग व कॉलेज में फॉर्म जमा करें। अगर किसी छात्र को अपने आधार में संशोधन कराना है तो आवेदन से पहले यह कार्य जरूर पूरा कर लें।

ध्यान देने योग्य बातें

  • नव प्रवेशित छात्र केवल पिता का आय प्रमाण पत्र भरें। पिता के निधन की स्थिति में माता के नाम से जारी प्रमाण पत्र ही मान्य होंगे।

  • एक ही आय प्रमाण पत्र से केवल एक छात्र ही छात्रवृत्ति के लिए आवेदन कर सकता है।

  • हाईस्कूल की परीक्षा अगर यूपी बोर्ड/ICSE/CBSE के अलावा किसी और बोर्ड से पास की है, तो ऐसे छात्र UP स्कॉलरशिप के लिए पात्र नहीं होंगे, उन्हें NSP पर आवेदन करना होगा।

  • बीटेक/एमबीए के वे छात्र जिनका प्रवेश AKTU के माध्यम से हुआ है, उन्हें फॉर्म में काउंसलिंग नंबर, प्रवेश वर्ष, रैंक और कटऑफ अंक अवश्य दर्ज करने होंगे।

दस्तावेज और प्रक्रिया

फॉर्म का अंतिम प्रिंट निकालने के बाद छात्र को इसे फीस रसीद, आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और शैक्षणिक प्रमाण पत्रों के साथ विभाग में जमा करना होगा। विभागाध्यक्ष द्वारा जांच, हस्ताक्षर और उपस्थिति प्रतिशत अंकित करने के बाद ही फॉर्म DSW कार्यालय को भेजा जाएगा।

साथ ही छात्रों से कहा गया है कि अपने या अभिभावक का मोबाइल नंबर फॉर्म के पहले पेज पर जरूर लिखें ताकि जरूरत पड़ने पर संपर्क किया जा सके। छात्र का बैंक खाता आधार से लिंक होना चाहिए और खाते की लेन-देन सीमा 10 हजार रुपये से अधिक की होनी चाहिए।

रिजल्ट न आने वाले छात्र भी भर सकते हैं फॉर्म

नवीनीकरण वाले छात्र जिनका परिणाम अभी तक घोषित नहीं हुआ है, वे आवेदन फॉर्म में “Result Not Declared” का विकल्प चुन सकते हैं।

प्रो. नीलम पाठक ने छात्रों को सलाह दी है कि समय रहते सभी दस्तावेजों के साथ फॉर्म जमा करें और आवेदन की स्थिति (Status) नियमित रूप से चेक करते रहें ताकि किसी भी तरह की समस्या से बचा जा सके।

Also Read: सहारा ग्रुप पर ED का बड़ा एक्शन, सुब्रतो रॉय की पत्नी और बेटे समेत कई अधिकारियों पर चार्जशीट दाखिल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.