US Open 2025: कार्लोस अल्काराज को खिताबी जीत पर मिली रिकॉर्ड प्राइज मनी

Sandesh Wahak Digital Desk: स्पेन के स्टार टेनिस खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज ने US Open 2025 का खिताब जीतकर न केवल अपना चौथा ग्रैंडस्लैम खिताब हासिल किया, बल्कि प्राइज मनी के रूप में रिकॉर्ड राशि भी अपने नाम की।

फाइनल मुकाबले में अल्काराज ने इटली के जैनिक सिनर को हराकर दूसरी बार यूएस ओपन ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

US Open 2025

फाइनल मुकाबले का हाल

फाइनल में अल्काराज ने दमदार प्रदर्शन करते हुए पहला सेट 6-2 से अपने नाम किया। हालांकि, सिनर ने दूसरा सेट 6-3 से जीतकर मुकाबले में वापसी की।

इसके बाद अल्काराज ने तीसरे सेट में 6-1 और चौथे सेट में 6-4 से जीत दर्ज कर मैच अपने नाम कर लिया। यह मुकाबला इस सीज़न में तीसरी बार था जब अल्काराज और सिनर किसी ग्रैंडस्लैम के फाइनल में आमने-सामने थे।

US Open 2025: इनामी राशि में हुआ रिकॉर्ड इज़ाफा

इस बार यूएस ओपन 2025 में विजेता को 5 मिलियन डॉलर (लगभग 44 करोड़ रुपये) की इनामी राशि दी गई, जो पिछले साल की तुलना में करीब 39% अधिक है। पिछले साल विजेता को करीब 31.74 करोड़ रुपये मिले थे।

वहीं, फाइनल में हारने वाले जैनिक सिनर को 22 करोड़ रुपये से अधिक की इनामी राशि मिली, जो कि IPL 2025 में RCB को मिलने वाली राशि से भी अधिक है।

महिला एकल वर्ग में आर्यना सबालेंका ने अमांडा एनिसीमोव को हराकर अपना दूसरा यूएस ओपन खिताब जीता और उन्हें भी 44 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि मिली।

रैंकिंग में बदलाव: अल्काराज फिर बने वर्ल्ड नंबर-1

इस जीत के साथ कार्लोस अल्काराज ने ATP रैंकिंग में पहला स्थान हासिल कर लिया है। वह करीब दो साल बाद इस पोजिशन पर लौटे हैं।

वहीं, फाइनल में हार के बाद जैनिक सिनर दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं।

कार्लोस अल्काराज की नेटवर्थ में इज़ाफा

अल्काराज की सफलता सिर्फ कोर्ट तक सीमित नहीं रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, उनकी मौजूदा नेटवर्थ 356 करोड़ रुपये से अधिक हो चुकी है।

इसमें सबसे बड़ा योगदान ग्रैंडस्लैम और अन्य टेनिस टूर्नामेंटों से मिलने वाली प्राइज मनी का है। ब्रांड एंडोर्समेंट्स और विज्ञापनों से भी उनकी कमाई में इज़ाफा हुआ है।

Also Read: BCCI Revenue: बीसीसीआई कर रहा छप्पड़ फाड़ कमाई, पिछले 5 साल में कमाए इतने करोड़

Get real time updates directly on you device, subscribe now.