Jaunpur News: बाइक सवार बदमाशों ने युवक को मारी गोली, हालत नाजुक
Sandesh Wahak Digital Desk: जौनपुर जिले के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के उङली गांव में रविवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी।
घायल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर कर दिया गया है।
घटना रविवार रात करीब 8:30 बजे की है। जानकारी के अनुसार, लालता यादव के 32 वर्षीय पुत्र योगेंद्र उर्फ हसनु यादव अपने घर से कुछ दूरी पर सड़क किनारे किसी से बातचीत कर रहे थे।

तभी मुंह बांधे दो बदमाश बाइक से पहुंचे और बिना किसी बहस के ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में योगेंद्र को दो गोलियां लगीं।
गोली लगते ही योगेंद्र चिल्लाते हुए घर की ओर भागे, लेकिन कुछ दूरी पर गिरकर तड़पने लगे। शोर सुनकर स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन खुद को घिरता देख हमलावर हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।
परिजन तत्काल घायल को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताते हुए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर, वाराणसी रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि योगेंद्र लगभग दस दिन पहले मुंबई से बीमार भाई के इलाज के लिए गांव आया था। हमले के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन घटना को लेकर गांव में दहशत और चर्चाओं का माहौल है।
इस मामले में सरायख्वाजा थाना प्रभारी जयप्रकाश यादव ने पुष्टि करते हुए बताया,
“एक युवक को गोली मारे जाने की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है, हमलावरों की तलाश जारी है। घटना के पीछे के कारणों का जल्द खुलासा किया जाएगा।”

