“दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं होगा” – राशन कार्ड न मिलने पर महिला की फरियाद पर बोले सीएम योगी
Sandesh Wahak Digital Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ में आयोजित ‘जनता दर्शन’ में प्रदेशभर से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। 50 से अधिक फरियादी यहां पहुंचे थे। सीएम योगी ने हर एक की बात ध्यान से सुनी और अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
राशन कार्ड न मिलने पर महिला की शिकायत
सहारनपुर से आई महिला ने बताया कि उनके पास राशन कार्ड नहीं है और जब वे राशन लेने जाती हैं तो डीलर अभद्रता करता है। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जनता के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं होगा।
जनता दर्शन में सबसे ज्यादा मामले जमीन विवाद से जुड़े रहे। प्रयागराज से आए सीआरपीएफ के जवान ने भी अपने जमीन विवाद की शिकायत रखी। सीएम योगी ने प्रशासन को ऐसे मामलों का तुरंत निस्तारण करने का आदेश दिया। वहीं, शामली से आई महिला ने बताया कि उनके पति असम में तैनात हैं और प्रयागराज में खरीदी जमीन पर कब्जा नहीं मिल रहा। इस पर मुख्यमंत्री ने पत्र लेकर तत्काल कार्रवाई करने को कहा।

मंजू देवी त्रिपाठी नाम की महिला ने मुख्यमंत्री से कहा कि उनका इलाज दिल्ली के अपोलो अस्पताल में चल रहा है और आर्थिक मदद की ज़रूरत है। सीएम योगी ने भरोसा दिलाया कि सरकार हर ज़रूरतमंद मरीज की मदद करती है। उन्होंने कहा कि “अस्पताल से एस्टिमेट बनवाकर भेजिए, सरकार आपके इलाज का खर्च उठाएगी।”

दिव्यांग को मिली इलेक्ट्रॉनिक वॉकिंग स्टिक
गाजीपुर से आए दिव्यांग उधम यादव ने पेंशन, आयुष्मान कार्ड, हैंडपंप और आवास से जुड़ी समस्याएं बताईं। सीएम योगी ने न सिर्फ अफसरों को उनके मामले के समाधान का आदेश दिया, बल्कि उन्हें एक इलेक्ट्रॉनिक वॉकिंग स्टिक भी भेंट की।
जनता दर्शन में आए बच्चों से भी मुख्यमंत्री ने बातचीत की। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई के बारे में पूछा और उन्हें चॉकलेट-टॉफियां दीं। बच्चों को आशीर्वाद देते हुए सीएम योगी ने कहा कि वे पढ़-लिखकर प्रदेश और देश का नाम रोशन करें।
Also Read: Azamgarh News: दलित युवक की गला रेतकर निर्मम हत्या से सनसनी, पुरानी रंजिश की आशंका

