Kaushambi News: वाहन नहीं मिला तो बाइक पर शव ले गए परिजन, कौशांबी का वीडियो हुआ वायरल
Kaushambi News: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से एक बेहद दुखद और संवेदनहीन तस्वीर सामने आई है। यहां एक महिला का शव एंबुलेंस या गाड़ी तक न मिलने के कारण बाइक पर लादकर ले जाया गया। किसी राहगीर ने यह दृश्य कैमरे में कैद कर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिसके बाद वीडियो तेजी से वायरल हो गया।
पड़ोसियों को अनहोनी का शक हुआ
यह मामला कड़ाधाम थाना क्षेत्र के गुलाम मोहम्मद का पूरा मजरा मोहब्बतपुर जीता गांव का है। मृतका 45 वर्षीय बुधरानी पत्नी छंगूलाल थीं, जिनके पति और बेटे नौकरी के सिलसिले में बाहर रहते हैं। शनिवार सुबह जब बुधरानी घर से बाहर नहीं निकलीं तो पड़ोसियों को अनहोनी का शक हुआ। दरवाजा तोड़कर देखा तो उनका शव फंदे से लटकता मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
शव को बाइक पर रखकर ले जाने लगे
रविवार की शाम शव पोस्टमार्टम हाउस से गांव लाया गया। इसी दौरान अंतिम संस्कार को लेकर मायके और ससुराल पक्ष के बीच विवाद हो गया। मायके वालों का आरोप था कि बुधरानी की हत्या की गई है। विवाद शांत होने के बाद मायके पक्ष के लोग अंतिम संस्कार की जल्दी में शव को बाइक पर रखकर ले जाने लगे। इसी दौरान किसी ने वीडियो बना लिया, जिसमें बाइक से शव ले जाता हुआ शख्स कह रहा था कि ट्रैक्टर न मिलने की वजह से वह शव को बाइक से घर ले जा रहा है।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन पर सवाल उठने लगे कि आखिरकार शव वाहन क्यों उपलब्ध नहीं कराया गया।
सिराथू के डीएसपी सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि महिला की मौत के मामले में पंचायतनामा और पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, इसलिए बिसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा गया है। वहीं मायके पक्ष ने गला दबाकर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Also Read: Kanpur News: 16 लाख की लागत से बना यूनिट, अब कचरा बनेगा आय का साधन

