Lucknow News: परमवीर चक्र विजेता अब्दुल हमीद के 60वें बलिदान दिवस पर लखनऊ में भव्य आयोजन
Lucknow News: भारत मां के वीर सपूत और परमवीर चक्र विजेता शहीद अब्दुल हमीद के 60वें बलिदान दिवस पर राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में बुधवार को एक भव्य और भावपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वीर अब्दुल हमीद की शहादत को नमन करते हुए उन्हें पूरे सम्मान और गर्व के साथ याद किया गया।

पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी
समारोह में बतौर मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेन गुप्ता (सेंट्रल कमांड), श्री नीरज सिंह (अध्यक्ष, FICCI उत्तर प्रदेश) और माननीय मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी (वेलफेयर एवं वक्फ बोर्ड, उत्तर प्रदेश) उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने शहीद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
यह आयोजन दी लेजेंड वीर अब्दुल हमीद ट्रस्ट और सेंचुरियन डिफेंस अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। अकादमी के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, कविताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल को भावविभोर कर दिया।

व्यक्तियों को सम्मानित भी किया
कार्यक्रम के दौरान “एक जान देश के नाम” पुस्तक का विमोचन भी किया गया, जिसे मुख्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से लोकार्पित किया। विशेष प्रस्तुति में गाजीपुर के प्रसिद्ध गायक अजीत सिंह ने अपने देशभक्ति गीतों से सभागार को रोमांचित कर दिया। वहीं, समाजसेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया।

हमीद पार्क में पैटन टैंक की डमी स्थापित
इस मौके पर शहीद अब्दुल हमीद के पौत्र जमील आलम ने गाजीपुर में सैनिक स्कूल स्थापित करने का प्रस्ताव रखा। मुख्य अतिथियों ने इस सुझाव का स्वागत करते हुए आश्वासन दिया कि इस दिशा में सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
साथ ही, लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेन गुप्ता ने कहा कि गाजीपुर के हमीद पार्क में पैटन टैंक की डमी स्थापित की जाएगी, ताकि आने वाली पीढ़ियां वीर अब्दुल हमीद की वीरता और बलिदान से प्रेरणा ले सकें।
समारोह में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, छात्र और नागरिक शामिल हुए। पूरा कार्यक्रम “वीर अब्दुल हमीद अमर रहें” के नारों और देशभक्ति के गीतों से गूंजता रहा।
Also Read: Bahraich News: कंचन कान्वेंट स्कूल में शिक्षक सम्मान समारोह, शिक्षकों को मिला विशेष सम्मान

