पटना में RJD नेता की गोली मारकर हत्या, होटल में घुसकर मारी गईं गोलियां

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार की राजधानी पटना में कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं। मंगलवार देर शाम, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता और प्रॉपर्टी डीलर राजकुमार राय उर्फ आला राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र में हुई।

वारदात का पूरा घटनाक्रम

पुलिस के अनुसार, राजकुमार राय अपनी गाड़ी से घर के पास पहुंचे ही थे कि पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जान बचाने के लिए वह पास के एक होटल में घुस गए, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा करते हुए होटल के अंदर तक फायरिंग की। इस दौरान एक गोली होटल के फ्रिज में भी लगी, जिससे उसका शीशा टूट गया।

गोली लगने के बाद राय को तुरंत पीएमसीएच (PMCH) अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस को घटनास्थल से 6 खाली खोखे मिले हैं। पटना पूर्वी के एसपी परिचय कुमार ने बताया कि मृतक नेता राजनीति के साथ-साथ प्रॉपर्टी डीलिंग का भी काम करते थे।

परिजनों का आक्रोश

मृतक की बहन शिला देवी ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने 8 से 10 गोलियां चलाईं। उन्होंने बताया कि उनके भाई इस बार राघोपुर से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। परिजनों ने चेतावनी दी है कि अगर अपराधियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया, तो वे शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। हालाँकि, उन्होंने अभी तक किसी आरोपी का नाम सार्वजनिक नहीं किया है।

पुलिस ने फिलहाल घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज और डीवीआर (DVR) जब्त कर लिए हैं और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) टीम को जांच के लिए बुलाया है। एसपी ने कहा कि हत्या के पीछे राजनीतिक रंजिश है या प्रॉपर्टी विवाद, यह जांच के बाद ही साफ हो पाएगा।

Also Read: मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना में घोटाला, फिरोजाबाद में बैंक और उद्योग विभाग के 6 लोगों पर FIR दर्ज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.