Asia Cup 2025: ‘देशद्रोह है पाकिस्तान से क्रिकेट खेलना…’, शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत के बयान से मचा सियासी घमासान
Sandesh Wahak Digital Desk: एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच 14 सितंबर को होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट) के नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने इस मैच को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेलने को “देशद्रोह” बताते हुए इसे “निर्लज्जता की पराकाष्ठा” करार दिया है।
‘क्रिकेट नहीं, यह संवेदनाओं से खिलवाड़ है’
संजय राउत ने कहा कि जब देश में हाल ही में ऑपरेशन सिंदूर जैसे घटनाक्रम हुए हैं, तब पाकिस्तान से क्रिकेट मैच खेलना शहीदों और उनके परिजनों का अपमान है। उन्होंने कहा:

“हमारी जिन 26 मां-बहनों का सिंदूर पहलगाम में उजाड़ा गया, उनकी पीड़ा आज भी खत्म नहीं हुई है।
ऐसे समय में पाकिस्तान के साथ मैच खेलना सिर्फ़ निर्लज्जता ही नहीं, बल्कि देशद्रोह है।”
‘पानी और खून एक साथ नहीं बह सकता, तो क्रिकेट कैसे चल सकता है?’
सरकार पर निशाना साधते हुए राउत ने सवाल किया:
“सरकार ने कहा था कि पानी और खून एक साथ नहीं बह सकता, तो फिर खून और क्रिकेटर कैसे एक साथ चल सकते हैं?”
उन्होंने यह भी पूछा कि इस मामले में बीजेपी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS), विश्व हिंदू परिषद (VHP) और बजरंग दल की कोई भूमिका या प्रतिक्रिया क्यों नहीं है?
शिवसेना (UBT) सड़कों पर उतरेगी
संजय राउत ने मीडिया से बातचीत में स्पष्ट किया कि इस मुद्दे पर शिवसेना (UBT) सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेगी।
साथ ही उन्होंने देशभर में “सिंदूर रक्षा अभियान – मेरा सिंदूर, मेरा देश” नाम से एक राष्ट्रव्यापी मुहिम चलाने की भी घोषणा की।
भारत-पाकिस्तान मैच पर राजनैतिक और जनभावनाओं की टकराहट
गौरतलब है कि भारत और पाकिस्तान ने पिछले 10 वर्षों में कोई द्विपक्षीय सीरीज़ नहीं खेली है। दोनों देशों के बीच आखिरी टेस्ट मैच भी करीब 18 साल पहले खेला गया था।
हालांकि, एशिया कप जैसे बहु-राष्ट्रीय टूर्नामेंटों में दोनों टीमें आमने-सामने आती रही हैं।
इस बार एशिया कप 2025 का आयोजन 9 से 28 सितंबर के बीच किया जा रहा है।
दोनों टीमें 14 सितंबर को आमने-सामने होंगी और टूर्नामेंट के नतीजों के आधार पर तीन बार तक भिड़ंत हो सकती है – ग्रुप स्टेज, सुपर 4 और फाइनल में।

