निघासन: सिंगाही में बढ़े गृहकर और जलकर पर बवाल, सैकड़ों लोगों ने दर्ज कराई आपत्ति

Sandesh Wahak Digital Desk: लखीमपुर खीरी जिले की नगर पंचायत सिंगाही में गृहकर (हाउस टैक्स) और जलकर (वॉटर टैक्स) में हुई बढ़ोतरी को लेकर लोगों का गुस्सा शांत नहीं हो रहा है। चेयरमैन और ईओ के साथ हुई बैठक के बावजूद कोई समाधान नहीं निकलने पर, स्थानीय लोगों ने विरोध तेज कर दिया है और बड़ी संख्या में अपनी आपत्तियां दर्ज कराई हैं।

टैक्स में अचानक हुई इस बढ़ोतरी के विरोध में नगर सिंगाही में लगातार आंदोलन चल रहा है। 8 सितंबर को नगर पंचायत अध्यक्ष मोहम्मद कय्यूम और एसडीएम/ईओ राजीव निगम ने लोगों से बातचीत की थी, लेकिन वह बैठक बेनतीजा रही।

इसके बाद, बुधवार को व्यापार मंडल ने गुड़मंडी बाज़ार में एक बैठक की और गुरुवार को सैकड़ों की संख्या में कस्बेवासी बढ़े हुए टैक्स के खिलाफ अपनी आपत्तियां दर्ज कराने नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे।

व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजीव गुप्ता ने नगर पंचायत के वरिष्ठ लिपिक अखिलेश अवस्थी को एक ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में साफ-साफ कहा गया है कि अगर तीन दिनों के भीतर बढ़े हुए टैक्स को वापस नहीं लिया गया तो विरोध और तेज किया जाएगा।

इस दौरान पूर्व भाजपा अध्यक्ष उत्तम मिश्रा, महामंत्री दारा सिंह और कई अन्य व्यापारी नेता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। लोगों का कहना है कि यह टैक्स उन पर एक अतिरिक्त बोझ है, जिसे तुरंत वापस लिया जाना चाहिए।

Also Read: Varanasi News: द्विपक्षीय वार्ता के बाद PM मोदी रवाना, राज्यपाल और मुख्यमंत्री रहे मौजूद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.