Lucknow News: बिजली विभाग की मनमानी से परेशान युवक ने सीएम आवास के पास खाया जहर
Lucknow News: लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास से महज 100 कदम की दूरी पर एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। बुलंदशहर के एक युवक ने पुलिस को देखते ही चिल्लाकर कहा कि उसने जहर खा लिया है। पुलिसकर्मी तुरंत उसे सिविल अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है।
यह घटना शुक्रवार सुबह लामार्ट्स चौराहे के पास हुई। युवक की पहचान बुलंदशहर के रहने वाले अजय के रूप में हुई है। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में अजय ने बताया कि वह बिजली विभाग से परेशान था, जिसकी वजह से उसने यह कदम उठाया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अजय ने बताया कि उसने 2014 में एक आटा चक्की लगाई थी। कुछ महीने पहले उसकी चक्की का ट्रांसफॉर्मर जल गया। विभाग ने ट्रांसफॉर्मर तो बदल दिया, लेकिन नया वाला भी एक घंटे में खराब हो गया।
सीएम योगी से गुहार लगाने आया था लखनऊ
अजय ने पुलिस को बताया कि दोबारा ट्रांसफॉर्मर खराब होने के बाद बिजली विभाग के अधिकारी उसे ठीक कराने के लिए 70% खर्च देने की मांग कर रहे थे। विभाग ने एक एस्टीमेट बनाकर उससे कहा कि जब वह 70% भुगतान करेगा, तभी नया ट्रांसफॉर्मर लगाया जाएगा।
बिजली विभाग की इस मनमानी से परेशान होकर अजय मुख्यमंत्री से जनता दरबार में मिलने के लिए लखनऊ आया था। सीएम आवास के पास पुलिस को देखकर उसने खुद ही जहर खा लिया। मौके पर मौजूद पुलिस की QRT टीम उसे तुरंत अस्पताल ले गई। फिलहाल, पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
Also Read: Varanasi News: दो मंजिला मकान से गिरकर प्रधान प्रतिनिधि की मौत

