हॉट एयर बैलून में आग, सीएम मोहन यादव बाल-बाल बचे
Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गांधीसागर फॉरेस्ट रिट्रीट में थे और हॉट एयर बैलून की सैर करने वाले थे। लेकिन उड़ान भरने से कुछ ही देर पहले बैलून में अचानक आग लग गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई, हालांकि सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता से आग पर तुरंत काबू पा लिया गया और सीएम को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, बैलून में हवा भरी जा रही थी, तभी उसके निचले हिस्से में अचानक आग लग गई। उस समय सीएम मोहन यादव बैलून के पास ही मौजूद थे। अगर थोड़ी भी देर होती तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी। गार्ड्स ने तुरंत ट्रॉली थाम ली और कर्मचारियों ने आग बुझा दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
हवा की रफ्तार बनी वजह
एक्सपर्ट्स का कहना है कि बैलून उड़ाने के लिए हवा की गति बेहद कम होनी चाहिए। सुबह 6 से 7:30 बजे तक हवा शांत रहती है, लेकिन उस वक्त उसकी रफ्तार 15–20 किमी प्रति घंटा थी। तेज हवा के चलते बैलून झुक गया और आग पकड़ ली। हादसे के बाद मुख्यमंत्री का बैलून सफर रद्द कर दिया गया।
घटना के बाद भी सीएम मोहन यादव ने गांधीसागर की खूबसूरती की तारीफ की। उन्होंने कहा— “गांधीसागर किसी महासागर से कम नहीं है। यहां वन्यजीव संपदा और प्राकृतिक सौंदर्य दोनों ही अद्भुत हैं। यह जगह पर्यटकों के लिए किसी स्वर्ग से कम नहीं। जब अपने देश में इतने सुंदर स्थल हैं तो विदेश जाने की जरूरत ही क्या है।”
Also Read: G7 देशों से अमेरिका की अपील, रूस से तेल खरीदने वालों पर टैरिफ लगाएं

