Sitapur News: हाईवे पर मिले गोवंश के अवशेष, हिंदू संगठनों में उबाल, पुलिस जांच में जुटी
Sandesh Wahak Digital Desk: सीतापुर के अटरिया थाना क्षेत्र में एक बार फिर से गोकशी का मामला सामने आया है। शनिवार सुबह हाईवे पर एक गोवंश का कटा हुआ सिर और अन्य अवशेष मिलने के बाद इलाके में तनाव फैल गया। इस घटना की जानकारी मिलते ही हिंदू संगठन और पशु प्रेमी आक्रोशित हो उठे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुँचे। सीओ कपूर कुमार और इंस्पेक्टर उमाकांत शुक्ला ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए, जिसके बाद पशु चिकित्सकों की मदद से अवशेषों को जाँच के लिए भेजा गया। बाकी बचे अवशेषों को मिट्टी में दबा दिया गया।
पुलिस की गश्त पर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही के कारण ही इस तरह की घटनाएं लगातार हो रही हैं। इससे पहले भी मुजफ्फरपुर, गोधना, कसांवा जैसे गांवों और हाईवे पर ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
अटरिया के इंस्पेक्टर उमाकांत शुक्ला ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा है कि गोवंश के शव को गाड़ी से उतारकर यहाँ डाला गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अपराधियों को पकड़ने के लिए टीमें लगा दी गई हैं।
घटनास्थल पर मौजूद विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के पदाधिकारियों और अन्य कार्यकर्ताओं ने एक सादे कपड़ों में मौजूद दरोगा के व्यवहार पर भी नाराजगी जताई। लोगों ने कहा कि दरोगा ने मामले से पल्ला झाड़ने की कोशिश की, जिसके बाद थाना प्रभारी ने उन्हें फटकार लगाई।
Also Read: Lucknow News: महिला से लूट के मामले में 2 शातिर बदमाश और 1 महिला गिरफ्तार, हथियार बरामद

