Asia Cup 2025: टीम इंडिया के हाथ न मिलाने पर पाकिस्तान ने की शिकायत, ACC से हस्तक्षेप की मांग
Sandesh Wahak Digital Desk: एशिया कप 2025 के भारत-पाकिस्तान मुकाबले के बाद एक नया विवाद खड़ा हो गया है।
मैदान पर हार झेलने के बाद अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने भारतीय टीम के व्यवहार को लेकर एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) से शिकायत की है।
मामला मैच के बाद भारतीय खिलाड़ियों द्वारा पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ न मिलाने को लेकर है।
हाथ न मिलाने पर पाकिस्तानी टीम ने जताई आपत्ति
रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत द्वारा सात विकेट से मिली जीत के बाद जब पाकिस्तानी खिलाड़ी हाथ मिलाने के लिए आगे बढ़े, तो भारतीय टीम ने उन्हें अनदेखा किया।

मैच के बाद पारंपरिक ‘हैंडशेक’ प्रक्रिया को भारतीय खिलाड़ियों ने पूरी तरह से टाल दिया। इस पर पाकिस्तानी खेमे ने नाराज़गी जताई है।
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के मैनेजर नवीद अख्तर चीमा ने इस पूरे मामले की शिकायत एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) को सौंपी है।
उन्होंने भारतीय टीम के रवैये को “खेल भावना के खिलाफ” बताया है। PCB सूत्रों का कहना है कि यह कदम “आदर्शों और खेल शिष्टाचार की रक्षा” के लिए उठाया गया है।
भारतीय टीम को मिला था ‘नो-हैंडशेक’ का निर्देश?
एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारतीय टीम को मैच से पहले अपने शीर्ष अधिकारियों की ओर से निर्देश दिए गए थे कि किसी भी पाकिस्तानी खिलाड़ी से हाथ न मिलाया जाए।
मैच से पहले कथित तौर पर इस विषय पर एक मीटिंग भी आयोजित की गई थी।
वहीं, भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मैच के बाद अपनी जीत को हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए निर्दोष नागरिकों को समर्पित किया।
माना जा रहा है कि भारतीय टीम का यह रुख इसी पृष्ठभूमि में लिया गया फैसला हो सकता है।
पाकिस्तानी पूर्व क्रिकेटरों की तीखी प्रतिक्रिया
इस घटना के बाद पाकिस्तान में क्रिकेट जगत में हलचल मच गई है। पूर्व क्रिकेटर बासित अली, कामरान अकमल और राशिद लतीफ ने भारत के व्यवहार को लेकर नाराज़गी जताई है।
राशिद लतीफ ने यहां तक कहा, “ICC को इस मामले में हस्तक्षेप करना चाहिए। अगर यह सब एशिया कप में हो रहा है, तो सोचिए आईसीसी टूर्नामेंट्स में क्या होगा।”
पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन में नहीं पहुंचे पाक कप्तान
सूत्रों की मानें तो भारतीय खिलाड़ियों के व्यवहार से खिन्न होकर पाक कप्तान सलमान आगा मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस और पोस्ट-मैच प्रजेंटेशन में भी शामिल नहीं हुए।
पाक टीम के कोच और सपोर्ट स्टाफ ने भी इस मामले पर असंतोष व्यक्त किया है।
क्या कहता है खेल भावना का तकाज़ा?
भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच सिर्फ खेल नहीं, बल्कि भावनाओं और कूटनीति से भी जुड़ा होता है। ऐसे में खेल के मैदान पर दिखने वाला हर भाव, हर व्यवहार सुर्खियां बन जाता है।
इस ताज़ा विवाद ने फिर से यह सवाल खड़ा किया है कि क्या राजनीतिक तनावों का असर खिलाड़ियों के आपसी व्यवहार पर होना चाहिए?
यह मामला अब एशियन क्रिकेट काउंसिल के पाले में है। आगे देखना होगा कि ACC इस पर क्या रुख अपनाती है और क्या यह विवाद भविष्य में भारत-पाक क्रिकेट रिश्तों को और अधिक प्रभावित करेगा।

