Lucknow News: दो महीने से नहीं मिला वेतन, BKT नगर पंचायत के आउटसोर्स कर्मचारी हड़ताल पर
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के बख्शी का तालाब नगर पंचायत में काम करने वाले आउटसोर्स कर्मचारियों को पिछले दो महीने से वेतन नहीं मिला है। इससे नाराज कर्मचारियों ने अब काम छोड़कर हड़ताल पर जाने का फैसला किया है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि अगर तीन दिन के भीतर उनके वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो वे कार्यालय के सामने धरना देंगे।
कर्मचारियों ने इस संबंध में एक पत्र स्थानीय निकाय निदेशक को लिखा है। पत्र में उन्होंने बताया है कि वे अलग-अलग पदों पर, जैसे कंप्यूटर ऑपरेटर, फील्ड सुपरवाइजर, लाइट स्टाफ, नल स्टाफ और चपरासी आदि के रूप में काम कर रहे हैं। उनका वेतन आर्यन ग्रुप ऑफ गार्ड सर्विसेज नामक एक एजेंसी के माध्यम से आता है। लेकिन, पिछले दो महीने (जुलाई और अगस्त 2025) से उन्हें वेतन नहीं मिला है, जिससे वे आर्थिक रूप से बहुत परेशान हैं।
पीएफ और ईएसआई भी नहीं जमा
कर्मचारियों ने पत्र में यह भी आरोप लगाया है कि पिछले कई सालों से उनकी एजेंसी ईपीएफ (EPF) और ईएसआईसी (ESIC) की राशि भी जमा नहीं कर रही है।
कर्मचारियों ने बताया कि वे इस समस्या को लेकर पहले भी 1 सितंबर और 9 सितंबर को नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी और जिलाधिकारी को पत्र लिख चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इसी वजह से उन्हें अब हड़ताल पर जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने निदेशक से गुहार लगाई है कि वे इस मामले में हस्तक्षेप करें और जल्द से जल्द उनके वेतन और पीएफ की बकाया राशि का भुगतान सुनिश्चित कराएं।
Also Read: कानपुर कांड: सिर्फ पीपीएस अफसरों तक आंच, आखिर आईपीएस पर किसका हाथ?

