राप्ती नदी की कटान से बलरामपुर का चौक कला गांव खतरे में, ग्रामीणों ने सरकारी लापरवाही का लगाया आरोप

Sandesh Wahak Digital Desk: बलरामपुर जिले के चौक कला गांव पर राप्ती नदी की तेज कटान से अस्तित्व का संकट गहरा गया है। शुक्रवार दोपहर तक गांव के पंचायत भवन का आधा हिस्सा नदी में बह गया, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। गांववालों का आरोप है कि सरकारी लापरवाही और बाढ़ खंड के अधिकारियों की हीला-हवाली के कारण यह स्थिति पैदा हुई है।

अधूरा रहा सरकारी सुरक्षा प्रोजेक्ट

गांव को बचाने के लिए सरकार ने 1 करोड़ 65 लाख 35 हजार रुपए की लागत से 560 मीटर लंबा एक सुरक्षा प्रोजेक्ट स्वीकृत किया था। लेकिन, ग्रामीणों के अनुसार, अधिकारियों की लापरवाही से प्रोजेक्ट की लंबाई घटाकर केवल 250 मीटर कर दी गई। इसके चलते जिस हिस्से में सबसे ज्यादा जरूरत थी, वहाँ काम नहीं हो पाया।

ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते इस पर ध्यान दिया गया होता, तो लाखों की लागत से बना पंचायत भवन नहीं डूबता। अब नदी प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी सड़क से केवल 10 मीटर दूर रह गई है।

अधिकारियों का पक्ष

बाढ़ खंड के सहायक अभियंता अंकित वर्मा ने दावा किया कि उनके प्रोजेक्ट का काम सफल रहा है और जिस जगह कटान हुई, वह उनके प्रोजेक्ट का हिस्सा नहीं थी। उन्होंने बताया कि नदी ने अपना रास्ता बदल लिया है और अब वे अनुरक्षण मद से कटान रोकने का काम कर रहे हैं।

वहीं, जिलाधिकारी पवन अग्रवाल ने कहा कि अगर उन्हें बाढ़ खंड के कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही की शिकायत मिलती है, तो वे इसकी जांच कराएंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि जरूरत पड़ने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: बलरामपुर में गोवंशीय बछड़े की हत्या, सात आरोपी गिरफ्तार, दो पुलिस मुठभेड़ में घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.