Lucknow News: BJP पार्षदों ने मेयर पर भेदभाव का लगाया आरोप, राजनाथ सिंह से करेंगे शिकायत

Lucknow News: लखनऊ में 15वें वित्त और अवस्थापना निधि से विकास कार्यों के लिए बजट आवंटन को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पार्षद नाराज हैं। उनका आरोप है कि मेयर ने BJP पार्षदों के वार्डों को जानबूझकर नजरअंदाज किया, जबकि सपा और कांग्रेस के पार्षदों के वार्डों में करोड़ों रुपये का बजट दिया गया।

आठ BJP वार्डों में एक भी रुपया नहीं

बीजेपी पार्षदों का कहना है कि शहर में सफाई और अन्य विकास कार्यों को लेकर उन्होंने पहले भी मेयर के खिलाफ आवाज उठाई थी। अब विकास के लिए बजट न मिलने से वे और नाराज हैं। विशेषकर हजरतगंज, रामतीरथ, विद्यावती प्रथम, खरिका प्रथम, रफी अहमद किदवई, चिनहट द्वितीय, इस्माइलगंज द्वितीय, शीतला देवी और मौलवीगंज जैसे आठ वार्डों में एक भी रुपया नहीं आवंटित किया गया।

पार्षदों ने बताया कि इन वार्डों में सड़कों और नालियों की स्थिति खराब है। इसके बावजूद मेयर और नगर आयुक्त ने उनकी शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं की। पहले भी बीजेपी पार्षद मुकेश सिंह मोंटी ने नाराजगी के चलते पार्टी से इस्तीफा दे दिया था।

विपक्षी वार्डों को मिले करोड़ों के टेंडर

वहीं, सपा और कांग्रेस के कई वार्डों को करोड़ों रुपये के टेंडर दिए गए। इनमें खरगापुर सरसवां (सपा) को 7.39 करोड़, मल्हौर भरवारा (सपा) 5.56 करोड़, बिजली पासी प्रथम (सपा) 3.40 करोड़, लालजी टंडन (सपा) 2.95 करोड़, कल्याण सिंह (सपा) 2.36 करोड़, शंकरपुरवा सेकेंड (सपा) 2.59 करोड़ और इस्माइलगंज प्रथम (कांग्रेस) 2.73 करोड़ रुपये का बजट शामिल है।

बीजेपी पार्षद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के सामने इस भेदभाव की शिकायत करेंगे। रक्षा मंत्री का 25 सितंबर को लखनऊ दौरा प्रस्तावित है, जिसके दौरान पार्षद अपनी मांगों को सीधे रखेंगे।

Also Read: Mission Shakti 5.0: बरेली में 9वीं कक्षा की छात्रा प्रियांशी बनीं एक दिन की थाना इंचार्ज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.