Mathura News: अस्पताल में इलाज के दौरान मरीज की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

Mathura News: मथुरा के SIMS अस्पताल में एक बार फिर इलाज में कथित लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां एक मरीज की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और स्टाफ पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके बाद अस्पताल में भारी हंगामा हुआ।

मृतक की पहचान छाता तहसील के गांव नगरिया निवासी महेश के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि महेश को छत से गिरने के बाद सुबह अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका आरोप है कि अस्पताल ने सही समय पर इलाज नहीं किया, जिसके कारण शाम तक उनकी मौत हो गई।

परिजनों से बदसलूकी और धमकी

महेश की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में मातम पसर गया और उन्होंने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल के कर्मचारियों ने न केवल लापरवाही बरती, बल्कि उनके साथ अभद्र व्यवहार भी किया। उन्होंने यह भी कहा कि जब उन्होंने मरीज की हालत के बारे में पूछताछ की, तो डॉक्टरों ने उनके साथ गाली-गलौज की और शिकायत करने पर जेल भेजने और जान से मारने की धमकी दी।

परिजनों ने बताया कि अस्पताल के कर्मचारियों ने कैमरे के सामने ही उन्हें धमकाया और मीडिया कर्मियों के मोबाइल फोन छीनने की कोशिश भी की। एक अन्य महिला मरीज ने भी अस्पताल के डॉक्टरों के व्यवहार को बेहद खराब बताया और कहा कि यहां इलाज कराना मौत के घर जाने जैसा है।

अस्पताल प्रशासन ने साधी चुप्पी

इस मामले पर जब हमारी टीम ने अस्पताल के जिम्मेदार अधिकारियों से बात करने की कोशिश की, तो वे एक घंटे तक कैमरे के सामने नहीं आए और कोई भी जवाब देने से इनकार कर दिया। यह पहली बार नहीं है जब SIMS अस्पताल पर इस तरह के गंभीर आरोप लगे हों।

वहींं स्थानीय स्वास्थ्य विभाग पर भी सवाल उठ रहे हैं कि इतनी शिकायतों के बाद भी इस अस्पताल के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की जाती।

Also Read: Deoria News: पासपोर्ट सत्यापन के लिए मांगी 10 हजार की रिश्वत, दो पुलिस कांस्टेबल निलंबित

Get real time updates directly on you device, subscribe now.