लखीमपुर खीरी में लाइब्रेरी जा रही छात्रा के साथ छेड़छाड़, आरोपी गिरफ्तार
Lakhimpur News: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिले में लाइब्रेरी जा रही एक छात्रा का पीछा अमन उर्फ शहबाज नामक युवक ने किया और मौका पाते ही उसने लाइब्रेरी के अंदर जाकर छात्रा के साथ छेड़छाड़ की। डर के मारे छात्रा ने तुरंत लाइब्रेरी के रिसेप्शन में शरण ली और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित की।
आरोपी छात्रा का पीछा करते हुए लाइब्रेरी में घुसा
यह पूरी घटना लाइब्रेरी के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। वायरल वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि छात्रा लाइब्रेरी की ओर जा रही थी और आरोपी उसके पीछे-पीछे आता हुआ दिखाई दे रहा है। जैसे ही उसे मौका मिला, उसने छात्रा के साथ छेड़छाड़ की।
सोशल मीडिया पर वायरल होने के तुरंत बाद लखीमपुर पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। छात्रा के परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी शहबाज के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
मुकदमा दर्ज कर लिया गया
सीओ सिटी लखीमपुर विवेक तिवारी ने पुष्टि की कि सदर कोतवाली क्षेत्र में हुई इस घटना में आरोपी पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ाई जा रही है और इस तरह की घटनाओं पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: जम्मू-कश्मीर और पंजाब की 5 राज्यसभा सीटों पर चुनाव का ऐलान, 24 अक्टूबर को होगी वोटिंग

