Greater Noida: PM मोदी ने किया UP इंटरनेशनल ट्रेड शो का उद्घाटन, यूपी को बताया निवेश का नया केंद्र
Greater Noida: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो का उद्घाटन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में जीएसटी सुधारों को देश की अर्थव्यवस्था के लिए ऐतिहासिक बताया और निवेशकों से उत्तर प्रदेश में निवेश करने की अपील की।
जीएसटी से आम आदमी को बड़ी राहत
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जीएसटी में हाल के बदलावों से न सिर्फ उपभोक्ताओं को राहत मिली है, बल्कि व्यापार और उद्योग को भी नई ऊर्जा मिली है। उन्होंने कहा कि जीएसटी सुधार से हर महीने आम परिवारों की जेब में बचत हो रही है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि इस बचत से भारत के विकास को और मजबूती मिलेगी। पीएम ने उदाहरण देते हुए समझाया कि पहले 1,000 रुपये की शर्ट पर 170 टैक्स लगता था, जो अब घटकर 35 रुपये हो गया है। इसी तरह, स्कूटर-मोटरसाइकिल पर भी 8,000 से 9,000 रुपये तक की बचत हो रही है, जिससे एक औसत परिवार को सालाना 25,000 रुपये तक की बचत हो सकती है।

आत्मनिर्भरता अब एक विकल्प नहीं, जरूरत है
पीएम मोदी ने स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और उन्हें वैश्विक पहचान दिलाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज देशवासी गर्व से कहते हैं यह स्वदेशी है। उन्होंने उद्यमियों से अपील की कि वे अपने बिजनेस मॉडल को इस तरह से डिजाइन करें जो आत्मनिर्भर भारत को बल दे। उन्होंने कहा कि दूसरों पर निर्भरता हमारे विकास को सीमित करती है, इसलिए हमें हर क्षेत्र में खुद पर निर्भर होना होगा।
उत्तर प्रदेश में निवेश और विकास की नई क्रांति
प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश को निवेश और विकास का एक नया गढ़ बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यूपी में कनेक्टिविटी में अभूतपूर्व क्रांति आई है। यह अब देश में सबसे ज्यादा एक्सप्रेसवे और इंटरनेशनल एयरपोर्ट वाला राज्य बन गया है। उन्होंने डिफेंस कॉरिडोर, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर जैसी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का भी जिक्र किया। पीएम ने बताया कि देश में 55% मोबाइल फोन का उत्पादन यूपी में होता है और जल्द ही यहां एक सेमीकंडक्टर फैसिलिटी भी शुरू होने वाली है, जो भारत को टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाएगी।

अंत्योदय का मॉडल ही सबका साथ, सबका विकास
पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर, पीएम मोदी ने अंत्योदय के सिद्धांत को याद किया, जिसका मतलब है सबसे गरीब व्यक्ति तक विकास पहुँचाना। उन्होंने कहा कि यही मॉडल भारत दुनिया को दे रहा है। उन्होंने यूपीआई, आधार और डिजिलॉकर जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म्स का उदाहरण दिया, जो हर नागरिक को समृद्धि का अवसर दे रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि सरकारी पोर्टल जीईएम (GeM) के जरिए छोटे दुकानदार भी सरकार को सामान बेच रहे हैं। GeM के माध्यम से ₹15 लाख करोड़ का सामान खरीदा गया, जिसमें 7 लाख करोड़ रुपये लघु उद्योगों से है, जो अंत्योदय का एक बड़ा उदाहरण है।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि दुनिया की अनिश्चितताओं के बावजूद भारत तेजी से प्रगति कर रहा है। उन्होंने निवेशकों से आग्रह किया कि वे यूपी में निवेश करें और भारत को 2047 तक एक विकसित देश बनाने में योगदान दें।
Also Read: राजधानी में बाघ की एंट्री पर अखिलेश यादव का तंज, बोले- अब तो राजधानी तक आ गए… सरकार को पता चला क्या?

