जेलेंस्की का बड़ा बयान, युद्ध खत्म होने के बाद छोड़ देंगे राष्ट्रपति का पद
Sandesh Wahak Digital Desk: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने एक बड़ा बयान देते हुए कहा है कि रूस के खिलाफ चल रहा युद्ध खत्म होने के बाद वह राष्ट्रपति पद छोड़ देंगे। उनका कहना है कि उनका मकसद सिर्फ जंग को खत्म करना है, न कि सत्ता में बने रहना।
एक न्यूज़ वेबसाइट को दिए इंटरव्यू में जेलेंस्की ने कहा, मेरा उद्देश्य युद्ध खत्म करना है, न कि पद के लिए भाग-दौड़ को जारी रखना। उन्होंने यह भी कहा कि अगर रूस के साथ युद्धविराम (सीजफायर) हो जाता है, तो वह संसद से चुनाव कराने के लिए कहेंगे। यह पूछे जाने पर कि क्या युद्ध समाप्त होने पर उनका काम पूरा हो जाएगा, जेलेंस्की ने साफ किया कि वह पद छोड़ने के लिए तैयार हैं।
यह पहला मौका नहीं है जब जेलेंस्की ने ऐसा बयान दिया हो। पिछले साल फरवरी में भी उन्होंने कहा था कि अगर उनके पद छोड़ने से देश में शांति लौटती है और यूक्रेन को नाटो की सदस्यता मिलती है तो वह इसके लिए तैयार हैं।
यूएनजीए में जेलेंस्की ने रूस को घेरा
हाल ही में, संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) में जेलेंस्की ने विश्व नेताओं से कहा था कि दुनिया में मानव इतिहास की सबसे विनाशकारी हथियारों की होड़ चल रही है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से रूस के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने की अपील की। जेलेंस्की ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर यूरोप में युद्ध को फैलाने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र जैसी कमजोर संस्थाएं युद्धों को रोकने में नाकाम रही हैं, और केवल हथियार और दोस्त ही सुरक्षा की गारंटी देते हैं।
Also Read: Etawah News: कार से लेकर ट्रैक्टर तक पर जीएसटी कम, इटावा में बोले मंत्री धर्मवीर प्रजापति

