Fatehpur News: खेलते-खेलते पानी से भरे गड्ढे में गिरा मासूम, मौत से परिवार में कोहराम
Fatehpur News: यूपी के फतेहपुर जिले में दर्दनाक हादसा हो गया। घर के बाहर खेलते समय एक 3 साल का बच्चा पानी से भरे गड्ढे में गिर गया, जिससे उसकी डूबकर मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही राजस्व विभाग की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मासूम की मौत से गांव में भी शोक की लहर
मामला औंग थाना क्षेत्र के सगुनापुर गांव का है। यहां के रहने वाले पुती निषाद का 3 वर्षीय बेटा सचिन निषाद शनिवार सुबह करीब 9 बजे घर के बाहर खेल रहा था। खेलते-खेलते अचानक बच्चा गायब हो गया। परिजनों ने जब खोजबीन की तो घर से कुछ दूरी पर पानी से भरे गड्ढे में सचिन का शव मिला। मासूम की मौत से गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना पर राजस्व विभाग से नायब तहसीलदार रचना यादव, कानूनगो भोला प्रसाद और लेखपाल पवन मौके पर पहुंचे और परिजनों से जानकारी ली। वहीं, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शव पास के गड्ढे में मिला
बच्चे के पिता पुती निषाद ने बताया कि वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनके दो बच्चे थे—बड़ी बेटी निशा और छोटा बेटा सचिन। पिता ने रोते हुए बताया कि सुबह पत्नी संगीता देवी बच्चे के साथ बाहर थी। खेलते-खेलते बच्चा शौच कर बैठा, तभी पत्नी पानी लेने घर के अंदर चली गई। जब बाहर लौटी तो सचिन लापता था। खोजबीन के दौरान उसका शव पास के गड्ढे में मिला।
थाना प्रभारी ने बताया कि बच्चे का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: Bahraich News: 4 बच्चों की मौत के बाद भेड़ियों से सुरक्षा के लिए महिलाएं खुद संभाल रहीं मोर्चा

