मेरठ में सनसनीखेज हत्याकांड: बीडीसी मेंबर प्रमोद भड़ाना की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस
Sandesh Wahak Digital Desk: मेरठ जिले के भडौली गाँव में शनिवार सुबह हत्या की एक सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। अज्ञात हमलावर ने बीडीसी मेंबर प्रमोद भड़ाना (32) को ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।
सुबह चारा ले जाते समय हुआ हमला
यह घटना सुबह लगभग 7:30 बजे की है, जब पेशे से किसान और वर्तमान में बीडीसी मेंबर प्रमोद भड़ाना अपनी बुग्गी (छकड़ा) से भैंसों के लिए चारा लेकर जा रहे थे। ग्रामीणों के अनुसार, अचानक गन्ने के खेत से एक हमलावर निकला, जिसके हाथ में पिस्तौल थी। हमलावर ने देखते ही प्रमोद पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। प्रमोद को तीन गोलियां लगीं, जिससे वे खून से लथपथ होकर मौके पर गिर पड़े। इस दौरान एक गोली उनकी भैंस को भी लगी।
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे किसान तुरंत मौके पर पहुँचे और आनन-फानन में प्रमोद को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस कार्रवाई और जांच
हत्या की सूचना मिलते ही दो थानों की पुलिस फोर्स और आला अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुँचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और हमलावर की तलाश में क्षेत्र में नाकेबंदी कर दी है।
एसपी देहात अभिजीत कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है।
प्रमोद के परिजनों ने हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई है। फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहनता से जांच कर रही है इस सनसनीखेज वारदात ने भडौली गांव और आसपास के इलाके में भारी आक्रोश और मातम का माहौल पैदा कर दिया है।
Also Read: बरेली बवाल: आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा गिरफ्तार, सीतापुर जेल भेजने की तैयारी शुरू

