मैरी कॉम के घर में चोरी, 6-7 चोरों ने दिया वारदात को अंजाम, पुलिस जांच में जुटी

Sandesh Wahak Digital Desk: भारत की स्टार मुक्केबाज और छह बार की वर्ल्ड चैंपियन मैरी कॉम के फरीदाबाद स्थित घर पर चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। फरीदाबाद के सेक्टर 46 में उनके मकान में चोरी की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

पड़ोसियों ने CCTV फुटेज में देखी चोरी

मैरी कॉम पिछले 3 साल से सेक्टर 46 के मकान नंबर 300 में रह रही हैं। पड़ोसियों ने बताया कि वह पिछले दो सप्ताह से घर से बाहर हैं और जानकारी के अनुसार, मेघालय में एक इवेंट में हिस्सा लेने गई हैं।

चोरी की यह घटना 24 सितंबर की सुबह हुई थी। पड़ोसियों को इसका पता तब चला जब उन्होंने 26 सितंबर को सीसीटीवी फुटेज देखी। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि 6 से 7 लोग मैरी कॉम के मकान में घुसे और सामान चोरी करके फरार हो गए। इसके बाद पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस और मैरी कॉम को इसकी सूचना दी।

क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम मौके पर

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग के तमाम बड़े अधिकारी मौके पर पहुँच गए। क्राइम ब्रांच की टीम, फॉरेंसिक विभाग की टीम और स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल पर पहुँचकर मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि इस चोरी के मामले को जल्द ही सुलझा लिया जाएगा और आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। हालांकि, अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि घर से कौन-कौन सी वस्तुएँ चोरी हुई हैं। पुलिस मैरी कॉम के लौटने का इंतजार कर रही है, जिसके बाद ही चोरी हुए सामान की सही जानकारी मिल पाएगी।

Also Read: Varanasi News: खाद्य विभाग की कार्रवाई से सिंधोरा बाजार में मचा हड़कंप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.