Bareilly News: आईटीआई फरीदपुर में सेवा संकल्प अभियान के तहत करियर काउंसलिंग व रजिस्ट्रेशन कैंप आयोजित
Bareilly News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में उनके 25 वर्षों के निरंतर सेवाकाल की उपलब्धियों और विकसित भारत-2047 के विज़न को जन-जन तक पहुंचाने के लिए गुरुवार को बरेली में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ हुआ। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले इस महीने भर के अभियान के पहले दिन फरीदपुर तहसील स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) में करियर काउंसलिंग एवं पंजीकरण शिविर का आयोजन किया गया।

80 छात्र-छात्राओं को मिली रोजगार योजनाओं की जानकारी
इस विशेष शिविर में सेवायोजन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान लगभग 80 छात्र-छात्राओं को विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही, अनुभवी वक्ताओं ने विद्यार्थियों को भविष्य के करियर से जुड़े बहुमूल्य टिप्स और मार्गदर्शन प्रदान किया।

एमएलसी कुंवर महाराज सिंह ने काटा केक
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह ने केक काटकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस धूमधाम से मनाया। उन्होंने वहां मौजूद छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा ही विकसित भारत के संकल्प की असली ताकत हैं। इसके साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

