Azamgarh News: पुलिस मुठभेड़ में पशु तस्कर के पैर में लगी गोली, गिरफ्तार
Azamgarh News: आज़मगढ़ पुलिस ने पशु तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए रौनापार थाना क्षेत्र में हुई एक मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी है।
गिरफ्तार बदमाश की पहचान नूर मोहम्मद उर्फ मोनू (थाना बिलरियागंज) के रूप में हुई है, जिसे तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस, प्रतिबंधित पशु और 15,000 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 24 सितंबर को सुनीता देवी और उमा देवी द्वारा गाय चोरी की शिकायत दर्ज कराने के बाद शुरू की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. अनिल कुमार ने आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम का गठन किया था।
पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी भदौरा तालुका नैनी जोर से बांका जाने वाली सड़क पर प्रतिबंधित पशुओं को इकट्ठा कर रहे हैं और पिकअप वाहन का इंतजार कर रहे थे।
खुद को घिरता देख बदमाश ने की फायरिंग
सूचना मिलते ही पुलिस टीम जब मौके पर पहुँची, तो खुद को चारों ओर से घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में कंट्रोल फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी नूर मोहम्मद मोनू के पैर में गोली लगी और वह पकड़ा गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने कबूल किया कि उसके दो अन्य साथी मौके से फरार हो गए हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पर पहले से ही तीन गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि इस तस्करी में शामिल सभी लोगों को जल्द ही गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: Balrampur News: सीएम योगी की गज़वा-ए-हिंद का सपना देखने वालों को चेतावनी, छांगुर जैसा होगा अंजाम

