लखनऊ-रायबरेली हाईवे पर भीषण हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार चाचा-भतीजे की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के निगोहां थानांतर्गत उदयपुर गाँव के पास रविवार रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार चाचा और भतीजे की मौत हो गई। दोनों गंभीर रूप से घायल युवकों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अज्ञात वाहन ने पीछे से मारी टक्कर
मृतकों की पहचान नगराम के करोरा का सल्लाहीखेड़ा निवासी अभिषेक कुमार (19) और उनके भतीजे धीरेंद्र (21) के रूप में हुई है। यह दर्दनाक हादसा रविवार रात लगभग 10 बजे हुआ, जब दोनों युवक निगोहां कस्बे से मोहनलालगंज की ओर जा रहे थे। रायबरेली से लखनऊ की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चाचा-भतीजे दोनों हाईवे पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सीएचसी में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और नेशनल हाईवे (NH) की एम्बुलेंस को सूचना दी। एम्बुलेंस दोनों घायलों को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुँची, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस दुखद खबर के मिलते ही सल्लाहीखेड़ा स्थित उनके घर में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मोहनलालगंज पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात टक्कर मारने वाले वाहन व उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।
Also Read: लखनऊ से जा रहे श्रद्धालुओं की कार और बस की टक्कर, एक छात्र की मौत

